Masters Game : पंजाब ने जीते 26 स्वर्ण सहित 55 पदक , दैनिक जागरण के बुद्धीलाल ने जीते तीन पदक
पंजाब की टीमों ने हॉकी प्रतिस्पर्धा में स्वर्ण पदक वेट लिफ्टिंग में स्वर्ण पदक बास्केटबॉल में कांस्य पदक और एथलेटिक्स में छठा स्थान प्राप्त किया।
जालंधर, जेएनएन। गुजरात के बड़ोदरा शहर में पांच से नौ फरवरी तक हुई तीसरी मास्टर्स गेम्स में पंजाब के खिलाडिय़ों का प्रदर्शन शानदार रहा। खिलाडिय़ों ने विभिन्न खेलों में पदक जीते। पंजाब ने 26 स्वर्ण पदक, 20 रजत पदक, 9 कांस्य पदक जीते है। गेम्स में पंजाब छठे स्थान पर रहा।
पंजाब की टीमों ने हॉकी प्रतिस्पर्धा में स्वर्ण पदक, वेट लिफ्टिंग में स्वर्ण पदक, बास्केटबॉल में कांस्य पदक और एथलेटिक्स में छठा स्थान प्राप्त किया। 1500 मीटर प्रतिस्पर्धा में पंजाब के बलजिंदर सिंह ने पहला, बुद्धीलाल ने दूसरा, महाराष्ट्र के संजय ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
पांच किलोमीटर रेस में महाराष्ट्र के संजय ने पहला, पंजाब के बुद्धीलाल ने दूसरा और कर्नाटक के मल्पपा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 10 किलीमीटर रेस में महाराष्ट्र के संजय ने पहला, कर्नाटक के मलप्पा ने दूसरा और पंजाब के बुद्धीलाल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
पंजाब के मेजर बलराज सिंह ने 400 मीटर रिले रेस में स्वर्ण पदक जीता। 10 हजार मीटर में पंजाब के बलवंत ने स्वर्ण पदक, 1500 मीटर रेस में गुरमीत सिंह ने स्वर्ण पदक, गुरिंदर सिंह सहोता ने डिस्कस, हैमर व शॉटपुट में स्वर्ण पदक जीता। राजविंदर ने डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक, शॉटपुट में स्वर्ण पदक, 80 मीटर हर्डल रेस में बलजीत ने स्वर्ण पदक जीता। स्टीपल चेंज प्रतिस्पर्धा में बलजिंदर सिंह ने स्वर्ण पदक जीता।
दैनिक जागरण के सर्कुलेशन विभाग के अधिकारी व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी बुद्धीलाल ने प्रतियोगिता में तीन पदक जीतकर पंजाब व संस्थान का नाम रोशन किया है। 110 मीटर हर्डल रेस में जसपिंदर व दिलजोत ने स्वर्ण पदक जीता। साल 2021 में वल्र्ड मास्टर्स गेम्स जापान में होंगी। मास्टर्स गेम्स के महासचिव मेजर बलराज सिंह व संयुक्त सचिव एथलेटिक्स कोच सुधीर कटोच ने पदक विजेता खिलाडिय़ों को बधाई देने के साथ-साथ बेहतर प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित किया।