Weather Update Punjab: जालंधर, लुधियाना और अमृतसर में खिली धूप, फतेहगढ़ साहिब में छाए बादल
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक मंगलवार को फिर से आसमान में बादल छाए रहेंगे। लिहाजा तापमान में गिरावट हो सकती है। हालांकि बारिश की संभावना नहीं है।
जालंधर, जेएनएन। सप्ताह के पहले दिन सोमवार पंजाब के विभिन्न शहरों में मिला-जुला मौसम देखने को मिला। जहां जालंधर, लुधियाना, अमृतसर, पठानकोट और तरनतारन में धूप खिली है वहीं फतेहगढ़ में सुबह से बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक मंगलवार को फिर से आसमान में बादल छाए रहेंगे। लिहाजा तापमान में गिरावट हो सकती है। हालांकि बारिश की संभावना नहीं है।
जालंधर में सुबह से तेज धूप खिली हुई है। इससे न्यूनतम तापमान में एक डिग्री का इजाफा हो गया है। इसका असर शहर के बाजारों में भी दिख रहा है। यहां रौनक बढ़ गई है। पिछले कई दिनों से न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री सेल्सियस चल रहा था। सोमवार को धूप खेलते ही 9 डिग्री तक पहुंच गया। अधिकतम तापमान 16 दर्ज किया गया। तरनतारन में धूप पूरी तरह खिली हुई है। यहां पर न्यूनतम 11 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। वहीं, फतेहगढ़ साहिब में सुबह से बादल छाए हैं। इस समय तापमान 13 डिग्री है। लुधियाना में सुबह घनी धुंध पड़ी लेकिन दोपहर तक मौसम साफ हो गया और तेज धूप खिली।
लुधियानाः सोमवार को यहां मौसम साफ हो गया। तेज धूप खिलने पर पंजाब कृषि विश्वविद्यालय में पार्क में बैठकर धूप सेंकते हुए स्टूडेंट्स।
फाजिल्का में मौसम ने ली करवट
फाजिल्का में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। सुबह 12 बजे तक मौसम बिल्कुल साफ था और धूप खिली हुई थी। लेकिन इसके बाद से ही आसमान में बादल छा गए है। कपूरथला में सूर्य बादलों के साथ लुका-छिपी खेल रहा है। यहां दोपहर 2.30 बजे अधिकतम तापमान 16 व मिनिमम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। होशियारपुर और मानसा में सुबह बादल छाए रहने के बाद दोपहर बाद धूप खिल गई है।
अमृतसर में सोमवार को धूप खिली तो पर्यटकों के चेहरे भी खिल गए।
जालंधर सिटी स्टेशन पर ट्रेनों की लेटलतीफी जारी
जालंधर में मौसम में सुधार का असर ट्रेनों की आवाजाही में सुधार पर नहीं पड़ा है। सोमवार को भी कई ट्रेनें गत दिनों की तरह लेट हैं। टाटा-मुरी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-18101) पांच घंटे और जम्मूतवी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-18309) पांच घंटे लेट हैं। इसी तरह सचखंड एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-12715 चार घंटे, गरीब रथ एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-12203) दो घंटे, झेलम एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-11077) पौने दो घंटे, अमृतसर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-11057) एक घंटा, पूजा एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-12415) करीब 50 मिनट, गोल्डन टेंपल मेल (गाड़ी संख्या-12903) पौना घंटा, आम्रपाली एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-15707) करीब 40 मिनट, जम्मू मेल (गाड़ी संख्या-14037), छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (गाड़ी सं. 18237), स्वराज एक्सप्रेस (12471) और जालंधर इंटरसिटी (14681) करीब 25 मिनट देरी से चल रही हैं।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें