Move to Jagran APP

पंजाब चुनाव 2022ः सिद्धू बनाएंगे हैट्रिक या भारी पड़ेंगे विरोधी, अमृतसर पूर्वी में केवल तीन बार जीती कांग्रेस

Punjab Chunav 2022 - वर्ष 2012 में सिद्धू की पत्नी डा. नवजोत कौर सिद्धू ने भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की थी। 2017 में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए नवजोत सिद्धू ने यहां से चुनाव लड़ा और भाजपा के एडवोकेट राजेश हनी को 42809 मतों से पराजित किया था।

By Pankaj DwivediEdited By: Published: Sun, 16 Jan 2022 10:41 AM (IST)Updated: Sun, 16 Jan 2022 11:02 AM (IST)
पंजाब चुनाव 2022ः सिद्धू बनाएंगे हैट्रिक या भारी पड़ेंगे विरोधी, अमृतसर पूर्वी में केवल तीन बार जीती कांग्रेस
नवजोत सिंह सिद्धू विधानसभा हलका अमृतसर पूर्वी से निवर्तमान विधायक हैं। फाइल फोटो

विपिन कुमार राणा, अमृतसर। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू विधानसभा हलका अमृतसर पूर्वी से निवर्तमान विधायक हैं। यह पंजाब की हाट विधानसभा सीटों में से एक है। सिद्धू को यहां से कांग्रेस से टिकट मिल गया है। दूसरी तरफ विरोधियों के टारगेट सिद्धू ही हैं। चाहे वह पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह हों या फिर अकाली दल। यही वजह है कि विधानसभा चुनाव में इस सीट पर मुकाबला रोचक होने वाला है। शिअद ने भी अभी तक यहां से कोई उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। संभावना है कि शिअद के टिकट पर बिक्रम सिंह मजीठिया अब सिद्धू को टक्कर देने के लिए यहां से चुनाव लड़ सकते हैं।

loksabha election banner

दरअसल, सिद्धू परिवार ने इस हलके से 2017 में दूसरी बार जीत दर्ज की थी और तीसरी बार जीत के लिए मैदान में उतरेगा। वर्ष 2012 में सिद्धू की पत्नी डा. नवजोत कौर सिद्धू ने यहां भाजपा के टिकट से त्रिकोणीय कड़े मुकाबले में जीत दर्ज की थी। फिर 15 जनवरी, 2017 को भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए नवजोत सिद्धू ने यहां से चुनाव लड़ा और भाजपा के एडवोकेट राजेश हनी को 42,809 मतों से पराजित किया था।

आठ चुनाव में 4 बार भाजपा और तीन बार कांग्रेस विजेता

वर्ष 1951 से अब तक पूर्वी हलके में हुए आठ चुनाव में चार बार भाजपा और तीन बार कांग्रेस विजयी रही। वर्ष 1977 में विधानसभा हलका अमृतसर पूर्वी को वेरका विधानसभा में डाल दिया गया था, परंतु 2012 में वेरका हलका खत्म होने के बाद इसे दोबारा अमृतसर पूर्वी बना दिया गया।

किस वर्ष में कौन सी पार्टी के नेता रहे विजयी

-1951 में इस सीट पर अकाली दल ने जीत दर्ज की थी।

-1957, 1962, 1967 में भाजपा के डा. बलदेव प्रकाश ने लगातार जीत दर्ज करते हुए हैट्रिक बनाई।

-1969 व 1972 में कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी।

-वर्ष 2012 में भाजपा से डा. नवजोत कौर सिद्धूू और वर्ष 2017 में कांग्रेस से नवजोत सिंह सिद्धू जीते।

भाजपा से टिकट के कई दावेदार

विधानसभा हलका पूर्वी में टिकट के लिए भाजपा में घमासान मचा हुआ हैै। वर्ष 2017 का विधानसभा चुनाव लड़ चुके एडवोकेट राजेश हनी इस बार भी टिकट के लिए डटे हुए हैं। भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रिंसिपल रमा महाजन, पंजाब के सह मीडिया इंचार्ज गौरव भंडारी और भाजपा किसान मोर्चे के प्रधान गुरमुख सिंह बल भी टिकट के दावेदार हैं। वहीं, कैप्टन भी इस सीट को लेकर भाजपा के संपर्क में हैं, ताकि सिद्धू के सामने मजबूत उम्मीदवार दिया जाए।

आप ने प्रधान जीवनजोत कौर को उतारा

आम आदमी पार्टी ने जिला प्रधान जीवनजोत कौर को प्रत्याशी बनाया है। 2017 के विधानसभा चुनाव में आप प्रत्याशी सरबजोत सिंह धंजल को कुल मतों का 14.76 फीसद यानी 14,715 मत मिले थे। सिद्धू 60.68 फीसद वोट लेकर विजेता और राजेश हनी 17.73 फीसद वोट लेकर तीसरे नंबर पर रहे थे।

विधानसभा हलका 18-अमृतसर पूर्वी

कुल मतदाता : 1,65,042

पुरुष मतादता : 87,619

महिला मतदाता : 77,423

थर्ड जेंडर : 1

कुल पोलिंग स्टेशन : 172

कुल पोलिंग लोकेशन : 64

यह भी पढ़ें - पंजाब में 25 तक बंद रहेंगे स्कूल और कालेज, कोरोना की तीसरी लहर में पहली बार 24 घंटे में 22 मौतें


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.