सरकारी बसों का हाल जानने पीआरटीसी की बस में चढ़े ट्रांसपोर्ट मंत्री राजा वड़िंग, यात्रियों से जानी मुश्किलें
पंजाब के नए परिवहन मंत्री राजा अमरिंदर सिंह वड़िंग शुक्रवार को गांव भलाईआणा से बस में चढ़े। उन्होंने देखा कि बस में सवारियां खचाखच भरी हुई थी। इनमें ज्यादातर आईलेट्स के छात्र थे। मंत्री ने वडिंग ने रिव्यू कर जल्द और बसों को शुरू करने की बात कही।
जागरण संवाददाता बठिंडा। ट्रांसपोर्ट मंत्री राजा अमरिंदर वडिंग सरकारी बसों में सफर करके जमीनी जरूरतों को जानने का प्रयास कर रहे हैं। वीरवार के बाद शुक्रवार को भी वह पीआरटीसी की बसों का निरीक्षण करने फील्ड में निकले। उन्होंने नान एसी बस में सफर करके आम लोगों की समस्याओं का जानने की कोशिश की। गांव भलाईआणा से वे बस में चढ़े। उन्होंने देखा कि बस सवारियों से खचाखच भरी हुई थी। बस में ज्यादातर आईलेट्स के छात्र थे। उन्होंने छात्रों से पूछा कि क्या रोजाना बस ऐसे ही भरी होती है या सिर्फ आज ही भरी हुई है। इस पर सवारियों ने बताया कि रोजाना का यही हाल होता है। बस में पैर रखने की भी जगह नहीं होती। आज तो फिर भी खड़े हाेने के लिए तो थोड़ी जगह है। इस पर राजा वडिंग ने रिव्यू कर जल्द और बसों को शुरू करने की बात कही। भलाईआना से चढ़ कर वे बठिंडा की नहर पर उतरे। परिवहन मंत्री राजा वडिंग ने कई सवारियों से बातचीत करके सरकारी बसों में आने वाली परिशानियों के बारे में जाना।
बता दें कि वीरवार को भी राजा वड़िंग ने पीआरटीसी की एक बस में सफर किया था। वह राजपुरा से बस में बैठे थे और पटियाला में उतरे। वहां से वह अपनी कार में बैठकर आगे के लिए रवाना हुए। अपने सफर के दौरान उन्होंने यात्रियों से बातचीत करके उनकी मुश्किलों के बारे में जानकारी एकत्र की थी।
वर्ष 2014 से लेकर 2018 तक यूवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहे राजा अमरिंदर सिंह वड़िंग को राहुल गांधी का करीबी माना जाता है। नए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के मंत्रिमंडल में परिवहन मंत्रालय जैसा महत्वपूर्ण विभाग सौंपा गया है। वड़िंग गिद्दड़बाहा से कांग्रेस विधायक हैं। उन्होंने वर्ष 2019 में अकाली दल की कद्दावर नेता हरसमरत कौर बादल के खिलाफ चुनाव लड़ा था। वह केवल 20,000 वोटों से हारे थे।