पंजाब रोडवेज पनबस कांट्रेक्ट वर्कर्स ने कहा, महिला यात्रियों को मुफ्त बस सुविधा कोरा मजाक
जालंधर में पंजाब रोडवेज पनबस कांट्रेक्ट वर्कर्स यूनियन के नेताओं ने कहा कि बीते 15 साल से कॉन्ट्रैक्ट या आउट सोर्स पर रखे मुलाजिमों को पक्का नहीं किया जा रहा। ऐसे में इस तरह की घोषणाएं मजाक ही कही जाएंगी।
जालंधर, जेएनएन। पंजाब रोडवेज पनबस कांट्रेक्ट वर्कर्स यूनियन ने पंजाब सरकार के पेश बजट में महिला यात्रियों को रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा देने को कोरा मजाक करार दिया है। यूनियन के सदस्यों ने कहा कि पंजाब रोडवेज के बेड़े में इस वक्त 300 के लगभग बसें कंडम हालत में हैं। ऐसे में महिलाओं को इस तरह की सुविधा देना मजाक ही है।
राज्य उप चेयरमैन बलविंदर सिंह राठ व राज्य उपाध्यक्ष जसवंत सिंह मट्टू ने जालंधर में बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब सरकार की तरफ से पेश किए गए बजट में कच्चे मुलाजिमों को पक्का करने या सरकारी विभागों को बचाने के लिए कुछ भी नहीं किया गया है। यूनियन नेताओं ने कहा कि बीते 15 साल से कॉन्ट्रैक्ट या आउट सोर्स पर रखे मुलाजिमों को पक्का नहीं किया जा रहा। इस वजह से सभी विभागों के कच्चे कर्मचारियों की तरफ से ठेका मुलाजिम संघर्ष मोर्चा पंजाब के बैनर तले 12 मार्च को पटियाला में महारैली की जाएगी। पनबस यूनियन की तरफ से 11, 12 एवं 13 मार्च को मुकम्मल चक्का जाम किया जाएगा और 12 मार्च को पटियाला की महारैली में भी शमूलियत की जाएगी।
यह भी पढ़ें - जालंधर में बनी AAP की 21 मार्च को होने वाली बाघापुराना किसान रैली की रणनीति, अरविंद केजरीवाल होंगे शामिल
इस मौके पर पनबस डिपो जालंधर एकके प्रधान गुरप्रीत सिंह, महासचिव चरण सिंह, कोषाध्यक्ष बिक्रमजीत सिंह, वरिष्ठ उपप्रधान दविंदर सिंह, उप चेयरमैन सुखदेव सिंह, उप प्रधान बलविंदर सिंह और जालंधर दो डिपो से प्रधान सतपाल सिंह, महासचिव दलजीत सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रणजीत सिंह, रामचंद आदि हाजिर थे।