Honor Killing in Punjab: अबोहर में प्रेमी जोड़े की बेरहमी से हत्या कर शव चौराहे में फेंके, कोर्ट मैरिज से नाराज थे घरवाले
अबोहर के गांव सप्पांवाली के रोहताश कुमार और सुमन रानी एक-दूसरे से प्रेम करते थे। दोनों की जातियां अलग-अलग थीं। इसी कारण समाज को उनका मेल-जोल पसंद नहीं आया। आरोप है कि लड़की के घरवालों ने उन्हें मौत के घाट उतार दिया।
जासं, अबोहर। Honor Killing Abhohar Village Punjab अबोहर के गांव सप्पांवाली में आनर किलिंग का मामला सामने आया है। अलग-अलग जाति से संबंध रखने के कारण प्रेमी जोड़े रोहताश और सुमन की बेरहमी से हत्या करके शव गांव के चौराहे पर फेंक दिया गया। हद तब हो गई जब कोई भी व्यक्ति उनके शवों के पास तक नहीं पहुंचा। करीब 4 घंटे तक लाशें वहीं पड़ी रहीं। बाद में पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। लड़के के घरवालों ने लड़के घरवालों पर दोनों की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामला दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
गांव के राेहताश कुमार और सुमन रानी एक-दूसरे से प्रेम करते थे। दोनों की जातियां अलग-अलग थीं। इसी कारण समाज को उनका मेल-जोल पसंद नहीं आया। आरोप है कि लड़ी के घरवालों ने उन्हें मौत के घाट उतार दिया। रोहताश माली तो सुमन कंबोज बिरादरी से ताल्लुक रखती थी। दोनों का पिछले लंबे समय से अफेयर चल रहा था। इसके बारे में दोनों के परिवारों काे भी पता भी था। रोहताश और सुमन शादी करना चाहते थे लेकिन लड़की के परिवार वालों काे यह मंजूर नहीं था।
घर से भागकर की थी दोनों ने शादी
रोहताश व सुमन दोनों 28 सितंबर को घर से भाग गए थे। उन्होंने 1 अक्टूबर को दिल्ली में जाकर कोर्ट मैरिज कर ली थी। इसके बाद रोहताश अपनी बहन के घर मोगा के गांव रोहता में पत्नी सुमन के साथ रहने लगा था। इसकी भनक लड़की के परिवार वालों को लग गई।
रोहताश का गला काटा, सुमन का गला घोंटा
रोहताश के भाई विक्रम के अनुसार लड़की के घरवाले रविवार को गांव रोहता उसकी बहन के घर से दोनों को उठा कर ले आए। उन्होंने रोहताश का गला काट कर व लड़की का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों के शव के गांव सप्पांवाली के बीच चौराहे में लाकर फेंक दिए। जैसे ही गांव में पता चला तो दहशत का माहौल पैदा हो गया। दुकानदार चौराहे पर बनी दर्जनों दुकानें बंद कर लोग चलेे गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे व जांच शुरू कर दी।
रोहताश के परिवार वालों का आरोप था कि दोनों की हत्या लड़की के परिवार वालों ने की है। जब तक उनके खिलाफ मामला दर्ज नहीं होता, तब तक वे शव नहीं उठाने देंगे। करीब शाम 6 बजे तक शव चौराहे के बीच पड़े थे। पुलिस मामले की जांच करने में जुटी थी। बताया जाता है कि घटना के बाद लड़की के परिवार वाले फरार हैं जबकि लड़के के परिवार वाले घटनास्थल पर मौजूद थे।