पूर्व उपराज्यपाल इकबाल सिंह के घर पहुंचे बनवारी लाल पुरोहित
पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित सोमवार को जालंधर के दौरे पर रहे।

जागरण संवाददाता, जालंधर
पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित सोमवार को जालंधर के दौरे पर रहे। इस दौरान वह करतारपुर स्थित जंग ए आजादी गए और शहीदों से जुड़े इतिहास के ज्ञान में बढ़ोतरी की। राज्यपाल बीएल पुरोहित पुडुचेरी के पूर्व उपराज्यपाल डा. इकबाल सिंह से मिलने उनके घर भी गए। उन्होंने पूर्व उपराज्यपाल के पारिवारिक सदस्यों से मुलाकात की और पुरानी यादों को ताजा किया।
डा. इकबाल सिंह ने कहा कि पिछले दिनों उनकी राज्यपाल बीएल पुरोहित से चंडीगढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान मुलाकात हुई थी। पूर्व उपराज्यपाल ने बताया कि राज्यपाल पुरोहित लंबा समय कांग्रेस के सांसद भी रहे हैं। वह न सिर्फ एक मंझे हुए सियासतदान हैं, बल्कि सेंट्रल इंडिया के एक बड़े समाचार पत्र के मैनेजिग एडिटर भी रहे हैं। जब बीएल पुरोहित आसाम के गवर्नर थे तब इकबाल सिंह कांग्रेस के इंचार्ज के रूप में आसाम में सेवाएं दे रहे थे। पंजाब आने से पहले पुरोहित तमिलनाडु के गवर्नर थे और तमिलनाडु में भी डा. इकबाल सिंह का लंबा समय बीता है। यह दोस्ती तभी से चली आ रही है, बेशक बीएल पुरोहित बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे। श्री देवी तालाब मंदिर में हुए नतमस्तक
राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने सोमवार को श्री देवी तालाब मंदिर में माथा टेका। यहां मंदिर की प्रबंधक समिति ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर उनको सिरोपा भी भेंट किया गया। राज्यपाल के साथ डिप्टी कमिश्नर घनश्याम थोरी, पुलिस कमिश्नर नौनिहाल सिंह, प्रमुख सचिव जेएम. बालमुरुगन भी थे। समिति के सदस्यों ने राज्यपाल को इस पवित्र स्थान के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व की जानकारी दी।
Edited By Jagran