जालंधर में भागा हवालाती, तलाश में पहुंची भारी पुलिस देख रैनक बाजार में हड़कंप
रविवार को जालंधर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक हवालाती पुलिस की गाड़ी से कूदकर भाग निकला। पुलिस ने उसकी तलाश में रैनक बाजार में सघन तलाशी शुरू कर दी है। बाजार में हड़कंप मच गया है।
जालंधर, जेएनएन। रविवार शाम जालंधर के रैनक बाजार में उस समय हड़कंप मच गया जब एक हवालाती पुलिस की गाड़ी से कूदकर भाग निकला। पुलिस ने उसकी तलाश में रैनक बाजार व आसपास सघन तलाशी शुरू कर दी है। इसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया। बाजार में भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचा हुआ है।
पता चला है कि सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाने के लिए पुलिस हवालाती को लाई थी लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर अस्पताल में गाड़ी से निकल कर फरार हो गया। उसके फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। बाद में एसीपी हरसिमरत सिंह, थाना चार के प्रभारी सुखदेव सिंह और थाना बस्ती बावा खेल के प्रभारी गगनदीप सिंह सेखों भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस की टीमें रैनक बाजार, अली मोहल्ला, शेखां बाजार सहित अन्य जगह पर उसकी तलाश करने में जुट गईं। बड़ी संख्या में बाजारों में पुलिस बल देखकर लोग सकते में आ गए।
देर रात तक आरोपित गिरफ्त से बाहर
बताया जा रहा है कि हनी सहोता नाम के युवक के खिलाफ 14 जनवरी को चोरी का मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू किया था। रविवार को पुलिस कर्मी उसका मेडिकल करवाने के लिए सिविल अस्पताल पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस कर्मचारी डाक्टरों से बात करने के लिए अंदर गए लेकिन एक कर्मी हनी के पास बाहर ही रह गया। मौके देख कर हनी हथकड़ी समेत वहां से भाग निकला। बाजारों में जब पुलिस की गाड़ियां उसे सर्च करने के लिए पहुंची तो लोगों में हड़कंप मच गया था। देर रात तक पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी हुई थी।