जालंधर के न्यू बलदेव नगर में मरने वाले व्यक्ति के परिजनों के बयान दर्ज करेगी पुलिस, हत्या का मामला हो सकता है दर्ज
जालंधर में न्यू बलदेव नगर में रहने वाले फैक्ट्री कर्मी की मौत के बाद परिजनों की तरफ से लगाए गए उसकी हत्या के आरोप की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपित मकान मालकिन की तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
संवाद सहयोगी, जालंधर। जालंधर में न्यू बलदेव नगर में रहने वाले फैक्ट्री कर्मी की मौत के बाद परिजनों की तरफ से लगाए गए उसकी हत्या के आरोप की पुलिस जांच कर रही है। शनिवार को पुलिस मृतक अशोक के परिजनों के बयान दर्ज करेगी ताकि मामले की जांच की जा सके। वहीं पुलिस ने आरोपित मकान मालकिन की तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। बाद में पुलिस ने उसकी तलाश में टीम बना कर भेजी है ताकि इस बारे में कुछ और पता लगाया जा सके।
परिजनों के बयानों के साथ ही पुलिस को मकान मालकिन के बयान भी आवश्यक हैं जिसके चलते पुलिस शनिवार को परिजनों के बयान तो लेगी ही, मकान मालकिन को ढूंढ कर उसके बयान भी दर्ज करेगी। हालांकि अभी तक पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई की है लेकिन जल्द ही पुलिस इस मामले में हत्या की धारा भी जोड़ सकती है। मृतक के शरीर पर कई जगह पर घाव तो लगे ही थे, उसकी आंखे भी चढ़ी हुए थी जिससे आरोप लगाया जा रहा था कि शायद उसकी हत्या की गई है। थाना रामामंडी के एडिशनल प्रभारी अजमेर लाल ने बताया कि मृतक के परिजनों और फरार मकान मालकिन के बयानों के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी।
यह है मामला
न्यू बलदेव नगर में रहने वाले फैक्ट्री कर्मी अशोक कुमार की शुक्रवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। मृतक की पत्नी ज्योति और बेटे साहिल ने मकान मालकिन पर हत्या का आरोप लगाया था। परिजनों के बयान लेकर पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल में रखवा दिया था। पुलिस को दी शिकायत में मृतक अशोक कुमार की पत्नी ज्योति ने बताया कि वह लोग करीब चार साल से न्यू बलदेव नगर में किराए के मकान में रहते हैं। मकान मालकिन अकेली रहती थी, उसका पति और बच्चे छोड़ कर चले गए थे। ज्योति के बेटे साहिल का आरोप था कि अशोक कुमार के साथ मकान मालकिन ने अवैध संबंध बना लिए थे। वह लोग अलग घर लेना चाहते थे लेकिन मकान मालकिन ऐसा नहीं होने दे रही थी।
ज्योति ने बताया कि वीरवार शाम को वो लुधियाना गई और उसका बेटा रैणक बाजार काम पर चला गया। साहिल ने बताया कि रात को वह दुकान से घर वापस आया तो उसकी मकान मालकिन ने दरवाजा नहीं खोला, जिससे वह अपने दोस्त के घर जाकर सो गया। सुबह उसकी मकान मालकिन दोस्त के घर आई और कहा कि उसके पिता को कुछ हो गया है। वह घर पहुंचा तो देखा कि उसके पिता की शरीर पर जख्मों के निशान थे और उनकी मौत हो चुकी थी।