होम क्वारंटाइन तोड़ गली में घूमना पड़ा भारी, महिला व तीन के खिलाफ केस दर्ज
सेहत विभाग की तरफ से होम क्वारंटाइन किए जाने के बावजूद बाहर घूमने पर कमिश्नरेट पुलिस ने थाना भार्गव कैंप में एक महिला के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जालंधर, जेएनएन। सेहत विभाग की तरफ से होम क्वारंटाइन किए जाने के बावजूद बाहर घूमने पर कमिश्नरेट पुलिस ने थाना भार्गव कैंप में एक महिला व तीन अन्य पारिवारिक सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज किया है। होम क्वारंटाइन होने के बावजूद यह लोग गली में घूम रहे थे, जिससे दूसरे लोगों पर भी कोरोना वायरस के संक्रमण का खतरा मंडरा रहा था। जिस को आधार बनाकर यह कार्रवाई की गई है।
थाना भार्गव कैंप पुलिस के मुताबिक उनकी एक पार्टी रीजेंट पार्क टी प्वाइंट पर गाड़ियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ने मुखबिरी मिली कि अवतार नगर के मकान नंबर 619/13 में रहने वाली बलदेव कौर को घर के तीन अन्य मेंबरों के साथ होम क्वारंटाइन किया गया है।
सेहत विभाग की तरफ से इस संबंध में उनके घर के बाहर होम क्वारंटाइन का बोर्ड भी लगाया गया है। यह लोग होम क्वारंटाइन का पालन नहीं कर रहे और गली में घूम रहे हैं, जिससे दूसरे लोगों में भी बीमारी फैलने का खतरा है। पुलिस ने तुरंत उनके खिलाफ थाना एपिडेमिक डिजीज एक्ट की धारा तीन के तहत केस दर्ज कर लिया। यह केस बलदेव कौर समेत घर के कुल 4 मेंबरों के खिलाफ दर्ज किया गया है।