संजय की तलाश में दिल्ली पुलिस से साधा संपर्क
संजय शर्मा पर करोड़ों की ठगी करने का मामला दर्ज करने के बाद अब उसकी तलाश में छापेमारी तेज कर दी है।
संवाद सहयोगी, जालंधर : संजय कराटे के मालिक संजय शर्मा पर करोड़ों की ठगी करने का मामला दर्ज करने के बाद अब उसकी तलाश में छापेमारी तेज कर दी है। उसे गिरफ्तार करने के लिए जालंधर पुलिस ने दिल्ली की पुलिस के साथ संपर्क साधा हुआ है। जानकारी के मुताबिक संजय के दिल्ली में रहने वाले कई बड़े लोगों के साथ संबंध थे। ऐसे में पुलिस की एक टीम दिल्ली में भी पहुंची है ताकि संजय के बारे में कोई सुराग लग सके। बताया जा रहा है कि दिल्ली वाली पार्टी के साथ समझौते के प्रयासों के बाद अब संजय विदेश भेजने के नाम पर ढाई करोड़ रुपये ठगने की शिकायत देने वाले सुखराज सिंह के साथ भी समझौते के लिए प्रयास कर रहा है। इसके लिए कई लोगों से उसने संपर्क साधा है ताकि उसे अदालत में पक्की जमानत मिल जाए या फिर उसकी गिरफ्तारी पर पक्की रोक लग जाए। एसीपी माडल टाउन हरिदर सिंह ने बताया कि संजय की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। उसे जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
बीते दिनों दिल्ली के रहने वाले ट्रांसपोर्टर सुखविदर सिंह बाजवा ने थाना छह की पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि संजय कराटे स्कूल के मालिक संजय ने अपनी मॉडल टाउन वाली करोड़ों की प्रॉपर्टी उनको बेचने के लिए सौदा किया था। सौदा होने के बाद संजय ने उसे समय-समय पर साढ़े चार करोड़ का एडवांस लिया और कहा था कि उसकी जमीन बैंक के पास गिरवी पड़ी है। उसे छुड़वाने के लिए पैसे चाहिए। उन्होंने विश्वास में आकर संजय को पैसे दे दिए। सुखविदर बाजवा के पुत्र जस्सी बाजवा ने बताया कि पैसे वापस मांगने पर संजय उनको जान से मारने की धमकी देता था। शिकायत के आधार पर संजय के खिलाफ मामला दर्ज हो गया था। इसके बाद तलवंडी नकोदर के रहने वाले सुखराज सिंह की शिकायत पर दर्ज हुए पर्चे में बताया था कि संजय ने बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के साथ कारोबारी रिश्ते होने की बात कही थी और कनाडा भेजने के नाम पर उनसे सौदा किया था। इसके बाद उन्होंने 25 लाख प्रति व्यक्ति के हिसाब से खुद के समेत आठ लोगों को कनाडा भेजने के लिए 2 करोड रुपए दिए। फिर उनसे 50 लाख रुपए और मांगे गए लेकिन इसके बाद जो उन्हें वीजा दिए गए थे वह ऑनलाइन जांच में फर्जी पाए गए। इसकी शिकायत पुलिस को की गई थी और जांच के बाद पुलिस ने थाना छह में केस दर्ज कर लिया था।