फगवाड़ा के मलकपुर में दर्दनाक घटना.. मां ने तीन बच्चों के साथ निगला जहर, बेटी की मौत; तीन गंभीर
फगवाड़ा के गांव मलकपुर में उस समय सनसनी फैल गई जब एक महिला और उसके तीन बच्चे बेहोशी की हालत में मिले। अस्पताल में एक लड़की की मौत हो गई और बाकी तीनों की हालत भी गंभीर है। उनकी ईलाज लुधियाना के सीएमसी अस्पताल में चल रहा है।
फगवाड़ा, जेएनएन। गांव मलकपुर में रहने वाली एक महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ रहस्यमय परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगल लिया। महिला व तीनों बच्चों को बेसुध हालत में उपचार के लिए स्थानीय सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान एक 12 वर्षीय लडक़ी की मौत हो गई, जबकि एक 8 साल का लडका, 10 साल की लडकी व मां की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसके चलते उन्हें लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
सिविल अस्पताल के एसएमओ डा. कमल किशोर ने बताया कि मंगलवार शाम को इमरजेंसी विभाग में फगवाड़ा के गांव मलकपुर की रहने वाली निर्मल कौर (35) पत्नी सरबजीत सिंह को बेहोश हालात में सिविल अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार शुरु कर दिया। इसके बाद उसकी 12 वर्षीय बेटी कोमलप्रीत, खुशप्रीत कौर (10) व बेटे फतेह सिंह (8) को भी बेहोशी की हालत में सिविल अस्पताल लाया गया। ड्यूटी पर मौजूद डाक्टरों की ओर से सभी का प्राथमिक ईलाज शुरु किया गया। इस दौरान 12 वर्षीय बेटी कोमलप्रीत की मौत हो गई और बाकी तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें डीएमसी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। समाचार लिखे जाने तक जहर पदार्थ निगलने के कारणों का पता नहीं चल पाया गया है। उधर मामले की सूचना मिलते ही डीएसपी परमजीत सिंह पुलिस पार्टी सहित सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच शुरु कर दी है।
घटना की सूचना मिलने पर विधायक धालीवाल मौके पर पहुंचे
गांव मलकपुर के एक ही परिवार के तीन बच्चों सहित चार सदस्यों की ओर से जहरीला पदार्थ निगल लेने की घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल तत्काल सिविल अस्पताल में पहुंचे। वहां विधायक ने डाक्टरों से उनकी हालत के बारे में जानकारी हासिल की और उन्हें हर संभव स्वास्थ्य सुविधा देने के दिशा निर्देश जारी किए। इस दौरान उनके साथ सीनियर कांग्रेसी नेता पदमदेव सुधीर निक्का, विनोद वरमानी व अर्जुन सुधीर भी मौजूद रहे।