जालंधर के रेरू पिंड में शादी समारोह के दौरान फेंके गए पेट्रोल बम, डीजे पर भी जमकर हंगामा; इलाके में दहशत
जालंधर के रेरू पिंड में बुधवार देर रात एक घर में शादी से पहले रखे गए जागो के दौरान जमकर मारपीट हुई। वहां पेट्रोल बम फेंके गए। हमलावरों ने घर के अंदर डीजे पर भी जमकर हंगामा किया। हमलावरों ने पीड़ितों के उपर सोडे की बोतलों से भी हमला किया।
जालंधर, जागरण संवाददाता। रेरू पिंड में बुधवार देर रात एक घर में शादी से पहले रखे गए जागो के दौरान जमकर मारपीट हुई। इस दौरान वहां पेट्रोल बम फेंके गए। हमलावरों ने घर के अंदर डीजे पर भी जमकर हंगामा किया। हमलावरों ने पीड़ितों के उपर सोडे की बोतलों से भी हमला किया। इस हमले में एक महिला सोडे की बोतल लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना देर रात थाना आठ की पुलिस को दी गई। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
वहीं वारदात के बाद से ही इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। पीड़ित मनजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके बेटे की शादी शुक्रवार को है। इससे पहले घर में कार्यक्रम चल रहे हैं। उनके सगे भाई घर के पास ही रहते हैं, लेकिन पुराने विवाद के चलते दोनों परिवारों के बीच बातचीत नहीं थी। इसके चलते उन्होंने अपने भाइयों को शादी का न्यौता नहीं दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि बुधवार रात जागो कार्यक्रम के दौरान उनका भाई अपने परिवार और साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और वहां हंगामा करने लगा। आरोप है कि उन्होंने रिश्तेदारों के साथ भी अभद्रता की।
मनजीत सिंह ने आरोप लगाया कि उन्होंने इसका विरोध किया तो हमलावरों ने बोतलों में पेट्रोल भरकर और सोडे की बोतलें उनके ऊपर फेंकनी शुरू कर दी। इस हमले में एक महिला घायल हो गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी रविंदर कुमार का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ितों के दर्ज किए गए बयानों में पैसे के लेनदेन की बात भी सामने आई है। इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। इसके बाद मामले में बनती कार्रवाई की जाएगी।