पट्टी डबल मर्डर केस में ट्रक यूनियन का उपाध्यक्ष लड्डू गिरफ्तार, दो युवकों की गोलियां मार की थी हत्या
पट्टी के नदोहर चौक में हुए गोलीकांड के मामले में पुलिस ने ट्रक यूनियन के उपाध्यक्ष मलकीत सिंह उर्फ लड्डू को गिरफ्तार किया है। आरोपित को स्थानीय अदालत में पेश करके चार दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है।
तरनतारन, जेएनएन। वीरवार की सुबह पट्टी के नदोहर चौक में हुए गोलीकांड के मामले में पुलिस ने ट्रक यूनियन के उपाध्यक्ष मलकीत सिंह उर्फ लड्डू को गिरफ्तार किया है। आरोपित को स्थानीय अदालत में पेश करके चार दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। हत्या की वजह को लेकर अभी पुलिस द्वारा कोई खुलासा नहीं किया गया। इस मामले में शाम को एसएसपी द्वारा प्रेस कांफ्रेंस करने की संभावना है।
पट्टी निवासी अमनदीप सिंह उर्फ फौजी, प्रभदीप सिंह उर्फ पूर्ण की नदोहर चौक में वीरवार की सुबह 6.35 पर गोलियां मारकर हत्या की गई थी। इस गोलीकांड में शमशेर सिंह शेरा नामक आरोपित गंभीर घायल हो गया था। जो अमृतसर के निजी अस्पताल से इलाज दौरान गायब हो गया था। दोहरे हत्याकांड की जांच लिए एसआइटी का गठन किया गया था।
डीएसपी कमलजीत सिंह औलख की अगुआई में पुलिस द्वारा की गई जांच के छठें दिन ट्रक यूनियन के उपाध्यक्ष मलकीत सिंह उर्फ लड्डू को गिरफ्तार कर लिया गया। गौर हो कि दो माह पहले मलकीत सिंह लड्डू को पट्टी हलके के विधायक हरमिंदर सिंह गिल द्वारा ट्रक यूनियन का उपाध्यक्ष बनाया गया था।