Move to Jagran APP

झारखंड से अफीम लाकर जालंधर में सप्लाई करने वाला पीओपी कारीगर गिरफ्तार

पीओपी कारीगर झारखंड के 19 वर्षीय नशा तस्कर चंदन कुमार पासवान को सतलुज सिनेमा के नजदीक गिरफ्तार किया गया है।

By Edited By: Published: Fri, 29 Nov 2019 07:49 PM (IST)Updated: Sat, 30 Nov 2019 10:35 AM (IST)
झारखंड से अफीम लाकर जालंधर में सप्लाई करने वाला पीओपी कारीगर गिरफ्तार
झारखंड से अफीम लाकर जालंधर में सप्लाई करने वाला पीओपी कारीगर गिरफ्तार

जालंधर, जेएनएन। झारखंड से अफीम लाकर लुधियाना, जालंधर व आसपास के इलाकों में सप्लाई करने वाले पीओपी कारीगर झारखंड के नशा तस्कर चंदन कुमार पासवान (19) को पुलिस ने सतलुज सिनेमा के नजदीक से गिरफ्तार किया है। उसके पास से डेढ़ किलो अफीम बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार चंदन के खिलाफ मामला दर्ज कर उससे अफीम की सप्लाई लेने और देने वालों के बारे में पता लगाया जा रहा है। आरोपित पिछले छह महीने में दो बार अफीम की सप्लाई कर चुका है।

loksabha election banner

डीसीपी अमरीक सिंह पोवार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि चंदन बड़े स्तर पर अफीम की सप्लाई करता है। वह लुधियाना और जालंधर के नशा तस्करों को राजस्थान और झारखंड से अफीम लाकर देता है और अब अफीम लेकर जालंधर आ रहा है। सतलुज सिनेमा के नजदीक नाकाबंदी के दौरान लुधियाना से आने वाली बस से चंदन उतरा तो उसे काबू कर लिया। उससे डेढ़ किलो अफीम बरामद की। डीसीपी ने बताया कि चंदन को दो दिन के रिमांड पर लिया है। जांच में सामने आया है कि चंदन की बुआ का बेटा आबादपुरा में रहता है और पीओपी का काम करता है। चंदन छह महीने पहले उसके पास आ गया और उसके साथ ही पीओपी का काम करने लगा। उसने अपनी बुआ के बेटे की मदद से जालंधर में अपने संबंध बढ़ाए।

आबादपुरा के नशा तस्कर भरत के साथ करता था काम

पुलिस जांच में चंदन का जालंधर कनेक्शन सामने आया है। जांच के दौरान चंदन ने बताया कि वो अपनी बुआ के बेटे के जरिए आबादपुरा में रहने वाले नशा तस्कर भरत के संपर्क में आया था। उसने भरत को बताया कि झारखंड में अफीम एक लाख रुपये प्रति किलो मिलती है तो उसने एक लाख पच्चीस हजार रुपये प्रति किलो देने की बात कही। पीओपी के काम में तीन महीने में 25 हजार रुपये न कमा पाने वाले चंदन ने एक किलो अफीम के पीछे 25 हजार रुपये मिलने के लालच में यह काम शुरू किया। करीब तीन बार वह कई किलो अफीम बस और ट्रेन में झारखंड से ला चुका है और भरत को दी थी।

शुक्रवार को जब उसे गिरफ्तार किया तो वह लुधियाना में अफीम सप्लाई कर बाकी बची जालंधर ला रहा था। पुलिस ने भरत को भी नामजद कर लिया है। पुलिस की एक टीम लुधियाना में बैठे नशा तस्करों की गिरफ्तारी के लिए भेजी गई है।

चंदन की कॉल डिटेल से सामने आएंगे तस्करों के नाम

पुलिस ने चंदन का मोबाइल कब्जे में ले लिया है। चंदन मोबाइल के जरिए नशा तस्करों के संपर्क में था और उनसे आर्डर लेकर सप्लाई देने के लिए उनकी बताई जगह पर पहुंच जाता था। ऐसे में उसके मोबाइल में कई नशा तस्करों के नाम होंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.