सोमवार से सिविल अस्पताल में नॉन कोविड मरीजों के लिए सेवाएं होंगी शुरू
मार्च 2020 को सेहत विभाग की ओर से सिविल अस्पताल में 340 बेड की क्षमता वाला कोविड केयर सेंटर बनाया गया था। अन्य बीमारियों के मरीजों की सुविधा के लिए ईएसआई अस्पताल में व्यवस्था की गई थी सोमवार से पुन सिविल अस्पताल में सेवाएं शुरू हो जाएंगी।
जालंधर, जेएनएन। कोरोना के मरीजों की संख्या कम होने के बाद सोमवार से सिविल अस्पताल में कोरोना के अलावा अन्य बीमारियों के इलाज की सुविधा पुन: शुरू हो जाएगी। वीरवार को सेहत विभाग के प्रमुख सचिव हुसन लाल की ओर से टेलीफोन पर सिविल सर्जन डा. गुरिंदर कौर चावला, सिविल अस्पताल की मेडिकल सुपरिंडेंट डा. मंदीप कौर तथा ईएसआइ अस्पताल की मेडिकल सुपरिंमडेंट के साथ बातचीत के बाद फैसला लिया गया।
उन्होंने बताया कि सिविल अस्पताल में लेवल-1 के मरीजों के लिए 70 तथा लेवल-2 कोरोना मरीजों के इलाज के लिए 28 बैड के वार्ड बनाने के आदेश दिए हैं। सिविल अस्पताल के शेष वार्डों में अन्य बीमारियों से ग्रस्त मरीजों के इलाज की सुविधाएं शुरू की जाएंगी। इससे सिविल अस्पताल में आने वाले मरीजों को इससे काफी लाभ मिलेगी। अभी उन्हें मजबूरी में निजी अस्पतालों में जाकर अपना इलाज करवाने को मजबूर होना पड़ रहा है। इससे उन्हें काफी आर्थिक नुकसान हो रहा है।
मार्च 2020 को सेहत विभाग की ओर से सिविल अस्पताल में 340 बेड की क्षमता वाला कोविड केयर सेंटर बनाया गया था। अन्य बीमारियों के मरीजों की सुविधा के लिए ईएसआई अस्पताल में व्यवस्था की गई थी, सोमवार से पुन: सिविल अस्पताल में सेवाएं शुरू हो जाएंगी। इस संबंध में सिविल सर्जन डा. गुरिंदर कौर चावला ने भी सिविल अस्पताल प्रशासन को पत्र जारी कर दिया है। उल्लेखनीय है कि इन दिनों कोरोना के मरीजों में काफी कमी आई है। इसलिए अस्पातल खाली होते जा रहे हैं। कई वार्ड तो पूरी तरह से खाली पड़े हैं। इसीलिए सरकार ने ये फैसला लिया है।