शराब के नशे में हुई बहस के बाद कर दी साथी की हत्या
सरपंच सतनाम ने कहा कि यकीनन राजू का कत्ल आशीष ने ही किया है।
जागरण संवाददाता, जालंधर/भोगपुर : थाना भोगपुर क्षेत्र के गांव मोगा में शराब के नशे में एक व्यक्ति ने अपने घर में ही रहते एक युवक के सिर पर लकड़ी के बाले से वार कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान मूल रूप से बिहार के रहने वाले राजू के रूप में हुई है। राजू करीब दो माह से गांव मोगा में आशीष कुमार के घर पर रह रहा था।
गांव मोगा के सरपंच सतनाम सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम को वह दूध लेकर अपने घर जा रहे थे। रास्ते में आशीष व राजू बहस कर रहे थे। दोनों शराब के नशे में थे। वे अपने घर चले गए। कुछ देर बाद गांववासियों ने उन्हें बताया कि उनके कोल्हू के पीछे एक लाश पड़ी है। वह तुरंत मौके पर पहुंचे तो देखा कि वह लाश राजू की थी, जिसके सिर और चेहरे पर काफी घाव थे। सरपंच सतनाम ने कहा कि यकीनन राजू का कत्ल आशीष ने ही किया है।
मामला पुलिस के पास पहुंचा तो थाना भोगपुर के एसएचओ जरनैल सिंह ने आरोपित को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने अपना गुनाह कबूल कर लिया और बताया कि उसने ही शुक्रवार रात को लकड़ी के बाले से राजू पर वार कर हत्या कर दी थी।