घर के अंदर से आ रही थी बदबू, नौकरानी ने दरवाजा तोड़कर देखा तो उड़ गए होश
जालंधर के मॉडल हाउस में एक घर से बुजुर्ग महिला का आधा जला हुआ शव बरामद हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जालंधर, जेएनएन। जालंधर के मॉडल हाउस में बुजुर्ग महिला की नौकरानी जब शाम को घर पहुंची तो दरवाजा अंदर बंद था और बदबू आ रही थी। शक होने पर नौकरानी ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो उसके होश उड़ गए। घर के अंदर ठाकुर देवी का आधा जला हुआ शव पड़ा था।ठाकुर देवी ने खुदकशी की है या उनकी हत्या हुई है, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया है। वह पिछले कई माह से अपने बच्चों से अलग अकेले ही रह रही थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पड़ताल शुरू कर दी है।
भार्गव कैंप थाना प्रभारी बलविंदर सिंह ने बताया कि कुछ माह पहले तक ठाकुर देवी पत्नी स्व. अजीत सिंह अपने बेटे नवदीप सिंह के साथ मुंबई में रहती थी। उनकी एक बेटी भारती की वडाला चौक स्थित कॉलोनी में शादी की गई है। बीते कुछ समय से उनके बेटे को बिजनेस में घाटा पडऩा शुरू हुआ, तो ठाकुर देवी जालंधर आकर रहने लगी।
इलाके के लोगों ने बताया कि उनकी बेटी भारती और दामाद प्रवीण कुमार के साथ-साथ ठाकुर देवी का भाई अमरनाथ उनसे मिलने आते रहते थे। अपने बेटे को व्यापार में पड़ रहे घाटे को लेकर वो काफी परेशान भी रहती थी। सोमवार शाम को करीब आठ बजे जब नौकरानी पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था और बदबू आ रही थी। दरवाजा तोडऩे पर देखा, ठाकुर देवी का शव जला हुआ पड़ा था। थाना प्रभारी ने बताया कि ठाकुर देवी के बेटे के जालंधर आने के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी।
हत्या या आत्महत्या...बड़ा सवाल
ठाकुर देवी की मौत आत्महत्या मानी जा रही है लेकिन इसे हत्या की आशंका से भी इन्कार नहीं किया जा सकता है। जहां पर शव पड़ा था, वहां पर एक खाली बोतल थी, जिसमें पेट्रोल या मिट्टी का तेल था। वहीं आसपास किसी भी चीज को आग से मामूली सा भी नुकसान नहीं हुआ है और न ही किसी कोई चीख सुनी गई। यदि ठाकुर देवी ने खुद को आग लगाई होती तो चिल्लाती या आग लगने के बाद तड़पते हुए किसी न किसी चीज से टकराती, लेकिन ऐसा कुछ नहीं था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है।