दुष्कर्म केस में आरोपित फ्रैंको मुलक्कल के खिलाफ प्रदर्शन पर नन को धर्मसभा से निकाला Jalandhar News
केरल की नन लूसी कलाप्पुरा को ईसाई धार्मिक संगठन द फ्रांसिस्कन क्लारिस्ट धर्मसभा ने संगठन से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
जालंधर, जेएनएन। दुष्कर्म के आरोपित जालंधर डायोसिस के पूर्व बिशप फ्रैंको मुलक्कल के खिलाफ प्रदर्शन करना केरल की नन लूसी कलाप्पुरा को भारी पड़ गया। उन्हें ईसाई धार्मिक संगठन द फ्रांसिस्कन क्लारिस्ट धर्मसभा से निष्कासित कर दिया गया है। इसमें प्रदर्शन के साथ नन लूसी पर कविता प्रकाशित करने और कार खरीदने की भी वजह बताई गई है।
धर्मसभा के प्रमुख एन जोसफ ने सोमवार को नन को पत्र जारी किया। इसमें कहा गया कि नन लूसी कलाप्पुरा ने धर्मसभा के नियमों का उल्लंघन करने वाली जीवनशैली को अपनाया। उन्हें चेतावनी भी दी गई लेकिन उन्होंने संतोषजनक उत्तर नहीं दिया। नन लूसी को जारी नोटिस में ड्राइविंग लाइसेंस लेने के साथ कार और कर्ज लेने और इजाजत न मिलने के बावजूद कविता संग्रह प्रकाशित करने का कारण बताया गया।
उन्होंने कहा कि नन ने बिना वरिष्ठों की जानकारी के पैसा खर्च किया है। इसके बाद 11 मई को हुई धर्मसभा की आम परिषद की बैठक में सर्वसम्मति से निष्कासित करने का फैसला लिया गया।
नन लूसी लड़ेंगी कानूनी लड़ाई
दूसरी ओर धर्म सभा के इस कदम के पीछे की असल वजह नन दुष्कर्म प्रकरण में आरोपित फ्रैंको मुलक्कल के खिलाफ वायनाड में किए प्रदर्शन में हिस्सा लेना बताया जा रहा है। उधर, नन लूसी कलप्पुरा ने इस फैसले को पूरी तरह से गलत करार देते हुए संकेत दिए कि वो इसके खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेंगी।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप