जालंधर में बढ़ने लगी बस यात्रियों की संख्या, जानिए वीकेंड पर कैसा रहेगा बसों का संचालन
जालंधर के शहीद ए आजम भगत सिंह इंटरस्टेट बस टर्मिनल से शुक्रवार को कुल 213 बसें संचालित हुई। जिनमें कुल 2008 यात्रियों ने सफर किया।
जालंधर, जेएनएन। वीकेंड से ठीक एक दिन पहले शुक्रवार को बस संचालन में कुछ उत्साह देखने को मिला। शुक्रवार को जालंधर के शहीद ए आजम भगत सिंह इंटरस्टेट बस टर्मिनल से कुल 213 बसें संचालित की गई, जिनमें 2008 यात्रियों ने सफर किया।
पंजाब रोडवेज के विभिन्न डिपो की तरफ से शुक्रवार को जालंधर से 144, पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (पीआरटीसी) की तरफ से 21 एवं निजी बस ऑपरेटर्स की तरफ से 48 बसें संचालित की गई। पंजाब रोडवेज को शुक्रवार को यात्रियों की संख्या बढ़ने की वजह से वीरवार की तुलना में लगभग 30,000 रुपए से ज्यादा की आमदनी भी हुई है। शुक्रवार को पंजाब रोडवेज को 190927 की आमदनी हुई, जबकि वीरवार को आमदनी 160357 रही थी।
शनिवार व रविवार को भी जारी रहेगा बसों का संचालन
हालांकि शुक्रवार यात्रियों की संख्या को देखकर उत्साही नजर आए सरकारी एवं निजी बस ऑपरेटर अब आगामी दो दिन के लिए पर्याप्त संख्या में यात्री मिल पाने को लेकर आशंकित नजर आ रहे हैं। बीते शनिवार एवं रविवार को भी यात्रियों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई थी। रविवार को तो स्थिति इस कदर तंग हो गई थी कि जालंधर से मात्र 54 बसें ही संचालित की जा सकी थी। पंजाब रोडवेज जालंधर के जनरल मैनेजर नवराज बातिश ने कहा कि शनिवार एवं रविवार को भी बस संचालन बदस्तूर जारी रहेगा।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें