Good News: सांझ केंद्रों में मिलने वाली 14 सेवाएं अब सेवों केंद्रों में भी मिलेंगी
डीसी घनश्याम थोरी ने कहा कि सेवा केंद्रों के साथ जोड़ी गई नई सेवाएं ई-सेवा पोर्टल पंजाब में एकीकृत कर दी गईं हैं। इन सेवाओं के सेवा केंद्रों से मिलने से जहां सांझ केंद्रों पर से काम का बोझ कम होगा वहीं लोगों का समय भी बचेगा।
जालंधर, जेएनएन। पंजाब में सांझ केंद्रों में मिलने वाली 14 सेवाएं अब सेवा केंद्रों में भी प्रदान की जाएंगी। यह जानकारी डिप्टी कमिश्नर घनश्याम थोरी ने शनिवार को दी। उन्होंने कहा कि इन सेवाओं के सेवा केंद्रों में शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि राज्य सरकार की तरफ से लोगों की सुविधा के लिए सेवा केंद्र खोले गए हैं। यहां एक छत के नीचे लोगों को 200 से ज्यादा नागरिक सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होनें कहा कि अब गृह विभाग से संबंधित सांझ केंद्रों में मिलने वाली 14 सेवाएं सेवा केंद्रों के साथ भी जोड़ दी गई हैं।
इनमें शिकायत मिलने, शिकायत पर की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी, एफआईआर या डीडीआर की कॉपी, सड़क हादसों के केस में अनट्रेस्ड रिपोर्ट की कॉपी, वाहन चोरी केस में अनट्रेस्ड रिपोर्ट की कॉपी, चोरी केस में अनट्रेस्ड रिपोर्ट की कॉपी, लाउडस्पीकर का प्रयोग करने संबंधी सर्टिफिकेट, मेले/प्रदर्शनी/खेल समारोह के लिए सर्टिफिकेट, प्री ओन्ड (पुरानी मल्कीयत) वाहन के लिए एनोसी सर्टिफिकेट, वीजा के लिए पुलिस क्लीयरेंस, करेक्टर वेरिफिकेशन, टीनेंट (किरयेदार) वेरिफिकेशन, एंप्लाई वेरिफिकेशन, डोमेस्टिक हेल्प या सरवेंट वेरिफिकेशन की सेवाएं शामिल हैं।
सेवा केंद्रों के साथ जोड़ी गई नई सेवाएं ई-सेवा पोर्टल पंजाब में एकीकृत कर दी गईं हैं। उन्होनें कहा कि सांझ केंद्रों से मिलने वाली सेवाएं सेवा केंद्रों से मिलने से जहां सांझ केंद्रों पर से काम का बोझ कम होगा, वहीं लोगों के समय की बचत होगी। डीसी ने कहा कि प्रशासन लोगों को समयबद्ध रूप से नागरिक सेवाओं के लिए वचनबद्ध है और इस काम में किसी किस्म की ढील सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने सेवा केंद्रों के मुलाजिमों को लोगों को तुरंत सेवाएं प्रदान करना यकीनी बनाने का निर्देश दिया है।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें