सर्दियों में साग का सेवन सेहत के लिए बेहद लाभदायक, आप भी जानें इसके फायदे
पंजाब में सरसों का साग और मक्की की रोटी बहुत लोकप्रिय है। ठंड में स्वादिष्ठ साग और मक्की की गर्म गर्म रोटी खाने का आनंद ही अलगद है। इसके साथ ताजा लस्सी व मक्खन हो तो सोने पर सोहागे वाली बात हो जाती है।
जालंधर [प्रियंका सिंह]। सर्दी में स्वादिष्ठ साग सबको भाता है। उत्तर भारत की कोई ऐसी रसोई नहीं होगी जहां इन दिनों साग न बनता हो। विशेषकर पंजाब में सरसों का साग और मक्की की रोटी बहुत लोकप्रिय है। ठंड में स्वादिष्ठ साग और मक्की की गर्म गर्म रोटी खाने का आनंद ही अलग है। इसके साथ ताजा लस्सी व मक्खन हो तो सोने पर सोहागे वाली बात हो जाती है। साग को लोग ठंड में केवल स्वाद के लिए नहीं खाते बल्कि यह सेहत को भी फायदा पहुंचाता है। इसे अदरक, लहसून, टमाटर, प्याज व अन्य पौष्टिक पदार्थ डाल कर बनाया जाता है जिससे शरीर को बहुत लाभ मिलता है।
डाइटिशियन मिक्की ने बताया कि सरसों के साग में कैलोरी और फैट बहुत कम होता है लेकिन कार्बोहाइड्रेट, फाइबर, पोटैशियम, विटामिन ए, सी, डी, बी-12 मैग्नीशियम, आयरन और कैल्शियम भरपूर मात्रा में होते हैं। साथ ही इसमें एंटीऑक्सीडेंट भी मौजूद होते हैं, जो बॉडी को डिटॉक्स करने में हेल्प करते हैं। इससे बॉडी की इम्यूनिटी बढ़ती हैं और आप सर्दियों में होने वाली बीमारियों से बची रहती हैं। इसमें मौजूद कैल्शियम और पोटैशियम हड्डियों को मजबूत और हेल्दी रखता है। सर्दियों में जिन महिलाओं को जोड़ों में दर्द रहता है उन्हें सरसों का साग खाना चाहिए। उन्होंने सर्दियों साग खाने के कई फायदे गिनाए।
दिल के लिए लाभकारी
सरसों के साग का सेवन करने से दिल को कई लाभ मिलते हैं। इससे शरीर में कोलेस्ट्राल का स्तर कम होता है और फोलेट का निर्माण होता है जिससे कार्डियोवास्कुलर रोग होने की संभावना कम हो जाती है।
वजन घटाने में मददगार
सरसों का साग वजन घटाने में भी मददगार है। इसमें फाइबर की मात्रा कम और कैलोरी की मात्रा अधिक होती है। इसके सेवन से शरीर का मेटाबॉलिज्म सही रहता है। इस कारण वजन पर भी कंट्रोल रहता है। यही कारण है कि लड़कियां अपने वजन को नियंत्रित रखने के लिए साग का अधिक सेवन करती हैं।
आंखों के लिए भी फायदेमंद
आंखों के लिए सबसे जरुरी विटामिन ए है जो कि सरसों के साग में अच्छी मात्रा में पाया जाता है। आंखों की मासपेशियों को किसी भी नुकसान से बचाने के लिए विटामिन ए बहुत लाभकारी सिद्ध होता है।
ऊर्जा प्रदान करती है पालक
पालक हरि सब्जियों में मुख्य स्थान रखती है। यह किसी भी जगह पर बड़ी आसानी से मिल जाती है। पालक में मैग्नीशियम, विटामिन ए, विटामिन सी, विटामिन के, आयरन, मैगनीज, एंटी आ्रक्सीडेंट्स, लोहा, सोडियम, प्रोटीन भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं जो कि मानव शरीर के लिए बेहद उपयोगी हैं। पालक को कच्चा, सूप, सलाद में और सब्जी बना कर खाया जा सकता है। इसका सेवन करने से खून साफ होता है।
नहीं होती खून की कमी
पालक खाने से खून की कमी पूरी होती है। जो लोग अनीमिया रोग से जूझ रहे हैं उनके लिए पालक एक बहुत ही गुणकारी है। पालक में सही मात्रा में आयरन होता है जो खून की कमी को पूरा करने में लाभदायक है। लोग हर रोज पालक का सेवन करेंगे तो उनकी खून की कमी पूरी होती रहेगी।
ऊर्जा का स्रोत है पालक
पालक ऊर्जा का एक बहुत अच्छा स्रोत है। इसमें भरपूर मात्रा में मैग्नीशियम पाया जाता है जो शरीर के लिए काफी लाभदायक है। मैग्नीशियम से शरीर को ऊर्जा मिलती है और पालक खाने से शरीर की थकावट भी दूर होती है।
त्वचा के लिए उपयोगी
पालक चेहरे के लिए भी काफी उपयोगी है। यह त्वचा से झुर्रियों और दाग को ठीक करने में मददगार साबित होती है। पालक का पेस्ट बनाकर रोजाना लगाने से चेहरे में निखार आता है। पालक पेट की बिमारियों को भी दूर करती है।
आयुर्वेदिक औषधि है मेथी
मेथी एक ऐसी औषधि है जिसका इस्तेमाल विभिन्न सब्जियों से लेकर पराठों में किया जाता है। भारत में मेथी को आयुर्वेदिक औषधि माना गया है जो कि अनेक गुणों से भरपूर है। मेथी को संस्कृत में मेथिका कहा जाता है। लोग इसका प्रयोग खाने में स्वाद के तौर पर भी करते हैं। मेथी में मौजूद आयरन, कैल्शियम, एंटीइंफ्लेमेटरी, प्रोटीन, विटामिन एवं पोटेशियम कई बिमारियों से बचाता है। इससे दिल के रोग, डायबिटीज, हड्डियों के रोग और एसेडिटी जैसे रोगों से मुत्कि मिलती है। त्वचा और बालों के लिए भाी मेथी का सेवन बहुत फायदेमंद है।
मेथी के लाभः शरीर को साफ रखे
शरीर को साफ रखने के लिए मेथी बहुत लाभकारी है। मेथी में पाचक तत्व पाए जाते हैं जो पाचन क्रिया को ठीक रखने में मददगार होते हैं।
शुगर रोग से दिलाए मुक्ति
शुगर के मरीजों के लिए मेथी बेहद गुणकारी है। रोजाना इसका सेवन करने से शूगर के मरीज को राहत मिलती है। हरी मेथी खून में से चीनी की मात्रा को कम करता है जिस वजह से यह शूगर के मरीजों के लिए लाभकारी है।
ब्लड प्रेशर को करे कंट्रोल
ब्लड प्रेशर की समस्या को भी दूर करने में मेथी कारगर सिद्ध हुई है। इसका पानी पीने से इस से संबंधित और भी रोग दूर हो सकते हैं।