गांव चक हथियाना के पास दरिया के बहाव से खिसकने लगी मिट्टी
गांव निवासी दर्शन सिंह मंगत सिंह और प्रीतम सिंह ने बताया कि तीन-चार दिन से दरिया का बहाव तेज है।
संवाद सूत्र, शाहकोट : सतलुज दरिया के कांवा वाले पुल की चढ़ती और गांव चक्क हथियाना के सामने दरिया में पानी के तेज बहाव के कारण मिट्टी खिसकने लगी है। गांव निवासी दर्शन सिंह, मंगत सिंह और प्रीतम सिंह ने बताया कि तीन-चार दिन पहले से दरिया का बहाव तेज हो रहा है। तेज बहाव के कारण रोजाना मिट्टी खिसकने लगी है। ड्रेनेज विभाग के एक्सईएन अजीत सिंह और एक्सईएन विजय कुमार गर्ग से फोन पर संपर्क किया गया तो दोनों अधिकारियों ने स्थिति की जानकारी लेने के लिए संबंधित जेई अमित पाल से बात करने के लिए कहा।
जेई अमित पाल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि खतरे वाली कोई बात नहीं है। डैम से कुछ पानी छोड़ा गया है। फसल लगाने के कारण पानी थोड़ी जगह में चल रहा है। इसलिए दरिया का बहाव तेज है। उन्होंने कहा कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है।