सांसद चौधरी करवाएंगे विधायक बेरी और मेयर गुट में समझौता
विधायक राजिदर बेरी से नाराज चल रहे मेयर जगदीश राज राजा और कई पार्षदों की नाराजगी दूर करने के लिए सांसद चौधरी संतोख सिंह हस्तक्षेप करेंगे।
जागरण संवाददाता जालंधर
विधायक राजिदर बेरी से नाराज चल रहे मेयर जगदीश राज राजा और कई पार्षदों की नाराजगी दूर करने के लिए सांसद चौधरी संतोख सिंह हस्तक्षेप करेंगे। विधायक बेरी ने यह मामला सांसद के समक्ष उठाया है और ऐसी उम्मीद है कि वीरवार को बेरी और मेयर गुट में मीटिग हो सकती है।
राजिदर बेरी ने मेयर जगदीश राज राजा के साथ तीन बार मीटिग की है और पार्षदों को भी उनके घर पर जाकर मिल चुके हैं। सभी की नाराजगी दूर करने की कोशिश की जा रही है। बेरी की कोशिश है कि नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पहले यानी कि 25 जनवरी तक सभी तरह की नाराजगी दूर कर दी जाए। बेरी नामांकन के समय एकजुट होने का मैसेज पब्लिक में देना चाहते हैं। पार्षद मनमोहन राजू ने कहा कि अभी कोई मीटिग फिक्स नहीं हुई है, लेकिन अगर सांसद चौधरी संतोख सिंह मीटिग बुलाते हैं तो जरूर शामिल होंगे और गले शिकवे दूर होने चाहिए। मेयर ने सेंट्रल हलके से टिकट की मांग की थी, लेकिन हाईकमान ने बेरी पर ही भरोसा जताया। विधायक बेरी से करीब सात पार्षद नाराज हैं। मेयर और नाराज पार्षद कई बैठकें कर चुके हैं, लेकिन अभी तक यह रणनीति नही बन पाई है कि बेरी को टिकट मिलने के बाद क्या किया जाना है। विरोधी रुख अपनाने वाले कई पार्षद इस बात से भी डरे हुए हैं कि अगर बेरी जीतने के बाद अगले निगम चुनाव में उनकी टिकट काट सकते हैं। टकसाली कांग्रेसियों ने भी जताई नाराजगी
विधायक राजिदर बेरी के खिलाफ अब टकसाली कांग्रेसी गुट ने भी नाराजगी जताई है। इस गुट के सदस्यों परमजीत बल, त्रिलोक सिंह सरां, जतिदर सोनू समेत 10 से ज्यादा नेता मेयर जगदीश राजा के पास पहुंचे और विधायक के साथ अपनी नाराजगी का मुद्दा उठाया। टकसाली कांग्रेसी भी कई मुद्दों को लेकर नाराज चल रहे हैं और उनका आरोप है कि पार्टी में कई साल से काम करने के बाद उनकी सुनवाई नहीं हो रही। उनकी बजाए नए लोगों को तवज्जो दी जा रही है। मेयर के अलावा पार्षद गुरविदर सिंह बंटी नीलकंठ, मनमोहन राजू और पवन कुमार भी मीटिग में मौजूद रहे। इन्होंने टकसाली कांग्रेसी नेताओं को समझाया कि सभी को पार्टी के हित में काम करना है, ताकि कांग्रेस सरकार दोबारा बनाई जा सके। जो भी नाराजगी है वह आपस में बैठकर दूर कर लेंगे। जसलीन सेठी ने वीडियो मैसेज जारी कर उठाए सवाल
महिला कांग्रेस की नेशनल कोआर्डिनेटर डा. जसलीन सेठी ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने एक वीडियो मैसेज जारी करके कहा है कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री ने वादा किया था कि महिलाओं को विधानसभा में 33 प्रतिशत टिकटें दी जाएंगी। प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देने की घोषणा की है, लेकिन पंजाब में ऐसा क्यों नहीं हो रहा। पंजाब कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू भी इसका जवाब दें। उन्होंने कहा कि कि वह पार्टी के लिए 20 साल से काम कर रही हैं, लेकिन उन्हें टिकट नहीं दी जा रही। बता दें कि जसलीन सेठी को दो दिन पहले ही पंजाब कांग्रेस का प्रवक्ता नियुक्त किया है, लेकिन प्रवक्ता बनने के बाद उन्होंने अपनी ही पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।