आखिरकार जागा नगर निगम, एक दिन में शहर की सड़कों से उठाया 600 टन कूड़ा
राजा नहीं शहर में कूड़े का राज शीर्षक से समाचार प्रकाशित होने के बाद आखिरकार नगर निगम प्रबंधन हरकत में आया और रविवार को शहर से 600 टन कूड़ा उठाया।
जागरण संवाददाता, जालंधर। शहर के लोगों के लिए अच्छी खबर है। आखिरकार नगर निगम प्रशासन ने शहर की सड़कों पर पड़े सैकड़ों टन कूड़े को उठाने का अभियान शुरू कर दिया। निगम के ज्वाइंट कमिश्नर राजीव वर्मा ने खुद इसकी कमान अपने हाथों में ली है। रविवार को 97 टिप्पर की मदद से ज्वाइंट कमिश्नर ने शहर की सड़कों पर पड़े 600 टन कूड़े को उठवाया। साथ ही सेनीटेशन विभाग के अधिकारियों को रोजाना कूड़ा डंप करने व कितना कूड़ा उठाया गया आदि की रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए हैं।
दैनिक जागरण ने 9 नवंबर के अंक में 'यहां राजा का नहीं, कूड़े का है राज' शीर्षक से शहर में कूड़े के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद निगम प्रशासन की नींद टूटी और मेयर के आदेशों पर प्रशासन सक्रिय हुआ। जालंधर में रोजाना 500 टन से अधिक कूड़ा निकलता है। नगर निगम के पास कूड़े को डंप करने का कोई स्थान नहीं बचा है। इसके चलते वरियाणा स्थित 14 एकड़ में 18 साल पहले बनाए गए डंप पर निगम प्रशासन सालों से कूड़ा फेंकता आ रहा है। अब वरियाणा में भी कूड़ा फेंकने की जगह नहीं बची है। नतीजतन निगम ने उसके पास में ढाई एकड़ और जमीन खरीदकर कूड़े को डंप करना शुरू किया था, लेकिन यह स्थान भी पूरी तरह से भर चुका है। सुच्ची पिंड में भी निगम द्वारा बनाया गया डंप में कूड़ा फेंकने की जगह नहीं रह गई है।
निगम की तरफ से जमशेर में लगाए जा रहे सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट की भी शुरू होने की संभावनाएं अब न के बराबर रह गई हैं। नतीजतन, निगम प्रशासन के सामने आज की तिथि में कूड़े को ठिकाने लगाना सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है। जमशेर प्लांट को लेकर इलाके के विधायक परगट ङ्क्षसह व नागरिकों के विरोध के चलते संबंधित कंपनी ने निगम पर केस कर दिया है। 900 करोड़ रुपये की अदायगी को लेकर नगर निगम प्रशासन व कंपनी आमने-सामने है।
हैरानी की बात यह है कि जिस 900 करोड़ की लड़ाई निगम प्रशासन लड़ रहा है, उसे लेकर एक किलो कूड़े की लिफ्टिंग भी आज तक नहीं हो पाई। रविवार को ज्वाइंट कमिश्नर राजीव वर्मा ने खुद पूरे शहर से कूड़ा हटवाने के बाद कई सड़कों का जायजा लिया। साईं दास स्कूल से लेकर माडल टाउन, न्यू जवाहर नगर तथा बाबू जगजीवन राम चौक तक उन्होंने मुआयना किया। साथ ही हिदायतें दी हैं रोजाना इसकी पड़ताल की जाएगी।