फोकल प्वाइंट के पास वाहन की टक्कर से साइकिल सवार ने तड़पते दम तोड़ा, मानवता शर्मसार
फोकल पॉइंट ओवरब्रिज के बेअंत सिंह पार्क के पास सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक साइकिल पर कहीं जा रहा था कि हादसे का शिकार हो गया।
जेएनएन, जालंधर। बुधवार दोपहर बाद फोकल पॉइंट ओवरब्रिज के बेअंत सिंह पार्क के पास सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक साइकिल पर सवार होकर कहीं जा रहा था कि किसी वाहन ने उसे साइड मार दी थी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और सड़क के दोनों लंबा जाम लग गया। अभी मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। घटना के काफी देर बाद तक मौके पर पुलिस नहीं पहुंची। हालांकि लोगों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस शव को उठा कर ले गई है।
घटना के बाद मौके पर लगा जाम।
लोगों का दिल नहीं पसीजा
हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। इस दौरान मानवता भी शर्मसार हो गई क्योंकि कोई भी व्यक्ति घायल युवक की मदद के लिए आगे नहीं आया। घटनास्थल से कुछ ही दूर कालिया कॉलोनी मोड़ पर जाना-माना निजी अस्पताल है। अगर समय रहते उसे चिकित्सीय सहायता मिल जाती तो शायद जान बच जाती। लोग उसे तड़पता देखकर आगे बढ़ते गए। किसी का दिल नहीं पसीजा। नतीजतन, उसने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।