पुलिस ने कसा शिकंजा, संजय और उसकी पत्नी के नाम पर एलओसी किया जारी, नहीं भाग पाएंगे विदेश
पुलिस को शक था कि दो-दो केस दर्ज होने के बाद पति-पत्नी विदेश भाग सकते हैं। पुलिस ने कई जगह पर छापेमारी की और दोनों के रिश्तेदारों को घरों तक भी पहुंच की लेकिन वे नहीं मिले।
जालंधर, जेएनएन। संजय कराटे के मालिक संजय शर्मा और उसकी पत्नी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी कर दिया गया है। पुलिस को शक था कि दो-दो केस दर्ज होने के बाद पति-पत्नी विदेश भाग सकते हैं। पुलिस ने दोनों की तलाश में कई जगह पर छापेमारी की और दोनों के रिश्तेदारों को घरों तक भी पहुंच की, लेकिन वे नहीं मिले। एसीपी मॉडल टाउन हरिंदर सिंह ने बताया कि दोनों की तलाश में पुलिस की टीमें अलग-अलग जगह भेजी गई हैं, जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दो केस हो चुके हैं दर्ज
बीते दिनों दिल्ली के रहने वाले ट्रांसपोर्टर सुखविंदर सिंह बाजवा ने थाना छह की पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि संजय कराटे स्कूल के मालिक संजय ने अपनी मॉडल टाउन वाली करोड़ों की प्रॉपर्टी उनको बेचने के लिए सौदा किया था और साढ़े चार करोड़ का एडवांस लिया था। इस लेनदेन में जालंधर के कई बड़े लोग बैठे थे। बाद में संजय उन सभी लोगों के सामने ही मुकर गया कि वह न तो पैसे वापस करेगा और न ही जमीन उनके नाम करेगा। इस पर संजय के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
इसके बाद तलवंडी नकोदर के सुखराज सिंह ने केस दर्ज करवाया था कि संजय ने खुद को फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी का जानकार बताकर उसे व उसके साथियों को कनाडा भेजने के लिए ढाई करोड़ रुपये लिए थे, लेकिन उन्हें फर्जी वीजा थमा दिए। इसका पता उन्हें तब चला जब उन्होंने वीजा का ऑनलाइन जांच करवाई। इसके बाद उन्होंने मामला दर्ज करवाया है।