जालंधर में पक्का बाग से अपहृत बच्चे का दूसरे दिन भी नहीं लगा सुराग, आरोपित की मोबाइल लोकेशन बिहार के रास्ते की निकली
Kidnapping in Jalandhar जालंधर में पक्का बाग से लापता हुए सात वर्षीय बच्चे का शुक्रवार को भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। आशंका जताई जा रही है कि बच्चे का अपहरण कर उसे बिहार की तरफ ले जाया जा रहा है।
जालंधर, जेएनएन। Kidnapping in Jalandhar जालंधर में वीरवार रात पक्का बाग से लापता हुए सात वर्षीय अबु नाम के का शुक्रवार को भी कुछ सुराग नहीं लग पाया है। वहीं पक्का बाग में ही रहने वाले इरफान नाम के युवक, जिस पर बच्चे के अपहरण का आरोप लगा था। उसकी लोकेशन बिहार के रास्ते की निकल रही है। आशंका जताई जा रही है कि बच्चे का अपहरण कर उसे बिहार की तरफ ले जाया जा रहा है। थाना चार के प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम आरोपित के पीछे लगी हुई है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
बीती रात से सात वर्षीय अबु नाम का बच्चा लापता हो गया था। बच्चे की दादी वसीमा खातून ने आरोप लगाया था कि उसका बेटा राजा चश्मा ठीक करने का काम करता है। उसके पड़ोस में ही रहने वाले मोहम्मद करीम खान का साला इरफान उसके बेटे के पास काम करने लगा था। बीते दिनों राजा ने इरफान को काम से निकाल दिया। वीरवार देर रात उनका पोता घर के बाहर ही खेल रहा था। इसके बाद वह लापता हो गया। उन्होंने आशंका जताई के इरफान ही उनके पोते को ले गया है। वहीं इरफान के जीजा मोहम्मद करीम खान ने बताया कि उसका साला राजा के पास काम करता था, लेकिन किसी बात को लेकर अनबन हो गई। रात को पता चला कि राजा का बेटा लापता है और उसके साले पर अपहरण आरोप लग रहा है। उसका कहना था कि अभी तक किसी ने बच्चा ले जाते हुए इरफान को नहीं देखा।