पुलिस केस रुकवाने के लिए विधायकों के चक्कर लगा रहे खैहरा, परगट सिंह से भी मिले Jalandhar News
खैहरा शुक्रवार को मेयर जगदीश राजा से भी मिले। मेयर कह चुके हैं कि खैहरा पर केस दर्ज नहीं होगा। वहीं निगम कमिश्नर दीपर्वा लाकड़ा खैहरा पर केस दर्ज करवाना चाहते हैं।
जालंधर, जेएनएन। नंगल शामा डॉग कंपाउंड का गेट बंद करके सफाई मुलाजिमों को बंधक बनाने के आरोपों से घिरे वार्ड नंबर 8 के कौंसलर पार्षद शमशेर सिंह खैहरा अब केस से बचने के लिए सिफारिशें ढूंढ रहे हैं। खैहरा के तालाबंदी एपिसोड से विधायक राजिंदर बेरी भी नाराज हैं। खैहरा ने विधायक बेरी को कई कांग्रेस नेताओं के फोन करवाएं हैं ताकि इस मामले को निपटाया जा सके।
खैहरा सिफारिश के लिए विधायक राजिंदर बेरी को ढूंढते विधायक परगट सिंह के घर भी पहुंच गए। दोनों विधायक किसी अन्य मुद्दे को निपटाने के लिए मीटिंग कर रहे थे। जानकारी मिलते ही खैहरा भी वहां पहुंच गए और विधायक परगट सिंह से मदद मांगी। परगट ने विधायक बेरी से इस मुद्दे पर बात की और कहा कि पार्टी पार्षद की मदद की जाए। खैहरा ने इस मामले में शुक्रवार को मेयर जगदीश राजा से भी मुलाकात की। हालांकि मेयर कह चुके हैं कि खैहरा पर केस दर्ज नहीं होगा। नगर निगम कमिश्नर दीपर्वा लाकड़ा इस मामले में केस दर्ज करवाना चाहते हैं लेकिन शाम तक सिफारिशों के दबाव में विधायक बेरी ने भी कमिश्नर से फिलहाल मामला होल्ड करने के लिए कहा है।