घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतें लगातार बढ़ने से लोग परेशान, बोले- महंगाई रोकने के लिए सरकार बनाए कारगर नीति
देश के प्रधानमंत्री ने लाखों लोगों से सब्सिडी भी वापस ले ली लेकिन इसके बावजूद सिलेंडर के दाम में इजाफा किया जा रहा है जिससे जनता मोदी सरकार से दुखी हो चुकी है। उपर से डीजल-पेट्रोल के रोजाना बढ़ रही कीमतों से से हर वर्ग परेशान हो उठा है।
नरेश कद, कपूरथला: घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम फिर बढ़ गए हैं, जिससे अब गैस सिलेंडर आम आदमी की पहुंच से दूर होता जा रहा है। गृहणियां अब दोबारा चुल्हे जलाने को मजबूर होने लगी है। देश के प्रधानमंत्री ने लाखों लोगों से सब्सिडी भी वापस ले ली, लेकिन इसके बावजूद सिलेंडर के दाम में लगातार इजाफा किया जा रहा है, जिससे जनता मोदी सरकार से दुखी हो चुकी है। उपर से डीजल व पेट्रोल की रोजाना बढ़ रही कीमतों से हर वर्ग परेशान हो उठा है। बढ़ती महंगाई में लोगों को गुजारा करना मुश्किल हो रहा है।
सब्सिडी छोड़ने के बाद भी बढ़े सिलेंडर के दाम: कविता
सुखजीत नगर निवासी कविता का कहना है कि पिछले कुछ ही समय में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम दोगुने हो चुके हैं। लाखों लोगों के सब्सिडी छोड़ने के बाद सरकार ने गरीब लोगों के लिए सब्सिडी तो बिलकुल खत्म ही कर दी है। अब सिलेंडर एक हजार से उपर पहुंच गया है। महिलाओं को अब दोबारा चूल्हे जलाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
जनता को गुमराह कर रही सरकार: अजयदीप
डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़ने से निराश कारोबारी अजयदीप का कहना है कि सरकारों की तरफ से जनता को गुमराह किया जा रहा है। केंद्र सरकार सीधे तौर पर तेल कंपनियों को भरपूर मुनाफा करवा रही है, जबकि जनता के लिए दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करना मुश्किल हो गया है। सरकार को चाहिए कि वह महंगाई रोकने के लिए कारगर नीति बनाए।
तेल की कीमत बढ़ने से बढ़ी महंगाई
डा. सुशील सल्होत्र का कहना है कि जिले में अब पेट्रोल की कीमत 105.03 से गई है और डीजल की पहले कीमत 95.21 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है जबकि घरेलू गैस की कीमतों में भी हो गया। पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ने से हर चीज महंगी हो जाती है। मरीजों के लिए दवाईयां एवं मेडिकल में उपयोग होने वाली मशीनें और औजार भी महंगे हो गए हैं।
महंगाई से हर वर्ग परेशान: जोशन सिंह
जिले में डीजल-पेट्रोल की कीमतों बारे किसान नेता कुलवंत सिंह जोशन का कहना है कि इसका सीधा असर उनके आर्थिक स्थिति पर पड़ा है, पहले ही खाने की चीजों जैसे तेल, दाल, चावल और राशन के सामान के दाम आसमान छू रहे हैं। डीजल-पेट्रोल के भी दाम बढ़ा दिए जाने की वजह से लोगों की रोजाना की जिंदगी पर बहुत असर पड़ेगा।
लोगों को राहत दिलाए सरकार: अशोक सभ्रावाल
एडवोकेट अशोक सभ्रवाल का कहना है कि कोरोना काल की वजह से पहले ही कई लोगों के रोजगार छिन गए हैं। राशन के सामान के साथ-साथ पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़ने से माल भाड़ा किराये में तेजी से वृद्धि हुई। साथ ही यात्री किरायों में भी वृद्धि हुई है। सरकार को लोगों को राहत दिलाने का प्रयास करना चाहिए।