सड़क के बीच खड़ी बस से टकराई एक्टिवा, मेला देख लौट रहे युवक की मौत, साथी जख्मी
बस्ती गुजां के प्रिंस और कार्तिक श्री रविदास जयंती मेला देखने गए थे। रात एक बजे घर लौटते समय हादसा हो गया। प्रिंस की मौके पर ही मौत हो गई।
जालंधर, जेएनएन। श्री गुरु रविदास जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित मेला देख कर वापस घर जा रहे एक्टिवा सवार युवक की सड़क के बीच खड़ी बस से टकराने पर मौत हो गई। दुर्घटना में एक्टिवा की पिछली सीट में बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रविवार देर रात हुआ था। मरने वाले युवक की पहचान 21 वर्षीय प्रिंस पुत्र विजय कुमार निवासी बस्ती गुजां के रूप में हुई है। कार्तिक भगत निवासी बस्ती गुजां घायल है। एक निजी अस्पताल में उसका उपचार किया जा रहा है।
विजय कुमार ने बताया कि उनका बेटा प्रिंस अपने दोस्त कार्तिक के साथ एक्टिवा पर देर रात करीब 1 बजे मेला देखकर घर लौट रहा था। इसी दौरान मिट्ठू बस्ती रोड कृष्णा नगर पहुंचने पर वहां बीच सड़क में खड़ी प्राइवेट बस से उनकी एक्टिवा जा टकराई। उनके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कार्तिक को घायल हालत में निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। उसकी भी हालत गंभीर बनी हुई है।
गांव सुखाना के नाले में मिला शव, हत्या की आशंका
जालंधर। गांव सुभाना के पास गंदे नाले में 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के हाथ पैर बंधे हुए थे और शरीर पर तेजधार हथियारों से काटे जाने निशान थे। सूचना मिलते ही एडीसीपी परमिंदर सिंह भंडाल, एसीपी बलविंदर इकबाल सिंह काहलो और थाना सात के प्रभारी नवीन पर मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी नवीन पाल ने बताया कि ऐसा लग रहा है कि किसी ने हत्या कर शव यहां पर फेंका है। फिलहाल मरने वाले की पहचान नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें