Jalandhar weather update: आसमान में छाए घने बादल, कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी
Jalandhar Weather Update गर्मी से लोग दो-चार हो रहे शहरवासियों को शुक्रवार को राहत मिल सकती है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने तथा रुक रुक कर बूंदाबांदी होने की भी संभावना है। इस कारण निश्चित रूप से तापमान में गिरावट होगी।
जालंधर, जेएनएन। महानगर में शुक्रवार दोपहर बाद आसमान में घने बादल छाने और बूंदाबादी से मौसम खुशगवार हो गया है। वीरवार देर रात तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने के बाद सुबह भी मौसम सुहावना हो गया था। रात करीब दो से तीन बजे की बीच बिजली की गड़गड़ाहट के साथ बूंदाबांदी हुई थी। हालांकि सुबह भी आसमान में बादल छाए हुए थे। फिर, दोपहर बाद 1 बजे बूंदाबांदी शुरू हो गई। मार्च की शुरुआत से लेकर रोजाना खिल रही तल्ख धूप के बीच बढ़ रही गर्मी से लोग दो-चार हो रहे थे। मौसम में बदलाव से लोगों ने राहत की सांस ली है। इस दौरान दिन भर आसमान में बादल छाए रहने तथा रुक रुक कर बूंदाबांदी होने की भी संभावना है। इस कारण निश्चित रूप से तापमान में गिरावट होगी।
दरअसल फरवरी के मध्यांतर के बाद से मौसम ने करवट ले ली थी। इसके बाद से तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है। पिछले दिनों अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के कारण लोगों को फरवरी में ही मई जैसी गर्मी का अहसास हो गया था। गर्मी ने फरवरी का रिकार्ड भी तोड़ दिया था। हालांकि वीरवार रात बूंदाबांदी के बाद तापमान घटकर 29 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। शुक्रवार को तापमान में और गिरावट हो सकती है।
इस बारे में मौसम विशेषज्ञ डॉक्टर विनीत शर्मा बताते हैं कि पहाड़ी इलाकों में रोज खिल रही धूप का असर मैदानी इलाकों में पड़ रहा है। जिसके तहत शुक्रवार को मौसम सुहावना बना रहेगा। हालांकि बारिश की संभावना बनी रहेगी।