Weather Update : जालंधर में 2 डिग्री तक लुढ़क सकता है तापमान, दोपहर में धूप कुछ समय तक देगी राहत
जालंदर में ठंड अपना रौद्र रूप दिखा रही है। मौसम विभाग ने नववर्ष तक ठिठुरन में लगातार इजाफा रहने के संकेत दिए हैं। हालांकि दोपहर के समय कुछ समय के लिए धूप खिलने अधिकतम तापमान 16 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।
जालंधर, जेएनएन। जिले में लगातार बढ़ रही ठंड के बीच बुधवार को न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क सकता है। हालांकि दोपहर के समय कुछ समय के लिए धूप खिलने के दौरान अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन इस बीच लोगों को ठंड से राहत मिलने वाली नहीं है कारण इस बीच चल रही शीत लहर लोगों को हाड़ कंपा देने वाली सर्दी का अहसास करवाती रहेंगी।
मौसम विभाग ने नव वर्ष तक ठिठुरन में लगातार इजाफा रहने के संकेत पहले से दिए हुए थे। जिसके चलते वर्ष के अंतिम दिनों में तड़के से लेकर रात तक ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। दिन भर आसमान में धुंध की चादर बिछी रहने तथा कोहरे ने ठंड बढ़ा दी है।
2 दिन पहले हुई बूंदाबांदी तथा आसमान में छाए हुए बादलों ने लोगों की दिक्कत बढ़ा दी है। खून तक जमा देने वाली पड़ रही सर्दी के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जिसका सबसे अधिक प्रभाव कारोबार पर पड़ रहा है। इस कारण अधिकतर बाजार दिनभर सुने नजर आ रहे हैं। इस बारे में मौसम विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टर विनीत शर्मा बताते हैं कि आने वाले कुछ दिनों तक मौसम यथावत बना रहेगा। इस बीच बच्चों तथा बुजुर्गों की सेहत को लेकर अतिरिक्त याद बरतनी होगी।