Jalandhar Weather Update: कल से पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश की चेतावनी
Jalandhar Weather Forcast रविवार को दिन भर धूप खिली रहने से अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 26 डिग्री दर्ज किया गया था। हालांकि मौसम विभाग ने सोमवार को भी मौसम यथावत बने रहने की संभावना जताई है।
जागरण संवाददाता, जालंधर। रविवार के बाद सोमवार को भी धूप खिली रहने की संभावना है। रविवार को दिन भर धूप खिली रहने से अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 26 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने सोमवार को भी मौसम यथावत बने रहने की संभावना जताई है लेकिन इसके बाद मंगलवार को मौसम फिर से करवट ले सकता है। मौसम विभाग चंडीगढ़ ने 7 से 9 सितंबर तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यानी अगले कुछ पंजाब में फिर से बारिश के आसार हैं। मंगलवार से तीन दिन तक पंजाब के कई जिनों भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। हिमाचल प्रदेस की सीमा के साथ लगते जिलों पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में सामान्य से अधिक बारिश होने का अनुमान है।
दरअसल, शुक्रवार को लगातार चार घंटे की बारिश के बाद जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। इस कारण 24 घंटे के भीतर पांच डिग्री सेल्सियस तापमान की गिरावट भी दर्ज की गई। वहीं शनिवार के बाद रविवार को भी धूप खिली रहने से तापमान में भी इजाफा हो गया।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम ले सकता है करवट
इस बारे में मौसम विशेषज्ञ डा. दलजीत सिंह बताते हैं कि कमजोर मानसून के बीच पश्चिमी विक्षोभ के चलते फिर से मौसम करवट ले सकता है। जिसके तहत मंगलवार के बाद मानसून फिर से सक्रिय हो जाएगा। इस दौरान अधिकतर दिन आसमान में बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने तथा बारिश की संभावना है। इसके साथ ही तापमान में भी निश्चित रूप से गिरावट हो जाएगी।
अभी तक पाकेट रेन ज्यादा
बता दें कि इस बार मानसून के दौरान बारिश सामान्य से कम रही है। जालंधर की बात करें तो पूरे जिले में मूसलधार बारिश इस बार अभी तक रिकार्ड नहीं की गई है। अधिकांशतः पाकेट रेन ही हुई है। यानी जिले या शहर के कुछ हिस्सों में थोड़ी देर तक बारिश होती है और उसके बाद मौसम पहले जैसा हो जाता है।