Jalandhar Weather Update : जालंधरवासियों को अगले सप्ताह तक झेलना होगा ठंड का प्रकोप, जानिए आज कैसा रहेगा मौसम
तापमान में रोजाना गिरावट का सिलसिला जारी है। जिससे ठिठुरन बढ़ती जा रही है। खून तक जमा देने वाली ठंड के बीच लोगों को घरों से बाहर निकलना दूभर हो गया है। यहीं कारण है कि शहर के अति व्यस्त रहने वाले बाजारों में खरीदारों का टोटा हो गया है।
जागरण संवाददाता, जालंधर। ठंड का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। तापमान में रोजाना गिरावट का सिलसिला जारी है। जिससे ठिठुरन बढ़ती जा रही है। खून तक जमा देने वाली ठंड के बीच लोगों को घरों से बाहर निकलना दूभर हो गया है। यहीं कारण है कि शहर के अति व्यस्त रहने वाले बाजारों में खरीदारों का टोटा हो गया है। बुधवार को सुबह धुंध की वजह से मुख्य मार्ग पर वाहनों की रफ्तार काफी धीमी रही। ठिठुरन के चलते पार्कों में सैर करने वालों की भी कमी दिखाई दी। वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले कई दिनों तक मौसम यथावत रहने की संभावना जताई गई है। इसी तरह वीकेंड पर बारिश को लेकर भी चेतावनी दी गई है।
दरअसल, ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौजूदा स्थिति के मुताबिक फिलहाल लोगों को ठंड से निजात मिलने वाली नहीं है। उधर, सुबह व रात को धुंध का कहर भी बढ़ रहा है। जिससे हाईवे पर विजिबिलिटी रोजाना कम रही है। ठंड के बचने के लिए लोग घरों में दुबक कर रह गए है तो बाजारों में वीरानगी छा गई है। वहीं, ठंड से बचने के लिए दुकानदार भी अलाव जलाकर सेंकते नजर आते है।
इस बारे में मौसम विशेषज्ञ डा. वीनित शर्मा बताते है कि पश्चिमी विक्षोभ के अलावा ठंड के लिए ला नीना का प्रभाव होना भी है। उन्होंने कहा कि ठंड का संबंध प्रशांत महासागर की समुद्री सतह के तापमान में होने वाले बदलावों से है। इसका प्रभाव दुनिया भर में मौसम पर पड़ता है। वहीं, उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के साथ ला नीना के कारण ठंड बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि वीकेंड पर बारिश की संभावना है। इस दौरान आसमान में दिन भर बादल छाए रहेंगे।