Jalandhar Weather Forecast : जालंधर में आज बढ़ेगा तापमान, दोपहर बाद मिलेगी राहत
Jalandhar Weather Forecast जालंधर में सप्ताह के पहले दिन से लेकर तापमान में इजाफे का दौर जारी रहेगा। इस दौरान अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान में इजाफे के चलते सुबह तथा रात के समय भी लोगों को गर्मी के प्रकोप से राहत नहीं मिलेगी।
जालंधर, जागरण संवाददाता। Jalandhar Weather Forecast : सप्ताह के पहले दिन से लेकर तापमान में इजाफे का दौर जारी रहेगा। इस दौरान अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान में इजाफे के चलते सुबह तथा रात के समय भी लोगों को गर्मी के प्रकोप से राहत नहीं मिलेगी। हालांकि सप्ताह के मध्यांतर के बाद से लेकर मौसम करवट ले सकता है। इस बीच आसमान में बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने तथा बारिश के साथ लोगों को गर्मी के प्रकोप से कुछ हद तक निजात मिलेगी। इस दौरान तापमान में भी निश्चित रूप से गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा।
चार दिन पहले गर्मी के प्रकोप में व्यापक इजाफा हो गया था। इस दौरान अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इस बीच गर्म हवा के थपेड़ों से लू ने लोगों का जीना दूभर कर दिया। ऊपर से पावर कट ने गर्मी के प्रकोप को और भी बढ़ा दिया था। हालांकि रविवार को तड़के हुई बूंदाबांदी के बाद तापमान में कुछ गिरावट जरूर हुई है, लेकिन सोमवार से तापमान में इजाफे का दौर जारी रहेगा। इस बारे में मौसम विशेषज्ञ डॉक्टर विनीत शर्मा बताते हैं कि कमजोर मानसून के चलते फिलहाल लोगों को गर्मी से निजात मिलने वाली नहीं है। मानसून आने के बाद भी बीच-बीच में तेज धूप खिली रहने से उमस बरकरार रहेगी।