Jalandhar Weather Forecast: जालंधर में वीरवार को बारिश के बाद तापमान गिरा, आज भी रहेगी गर्मी से राहत
Jalandhar Weather Forecast जालंधर में वीरवार रात को बदले मौसम के मिजाज ने राहत प्रदान की। जिसका असर शुक्रवार को भी रहेगा। इस दौरान तापमान में गिरावट का दौर जारी रहेगा ही साथ ही लोगों को भीषण गर्मी से काफी हद तक निजात मिल जाएगी।
जालंधर, जेएनएन। Jalandhar Weather Forecast : पिछले कई दिनों से गर्मी से दो-चार हो रहे लोगों को वीरवार रात को बदले मौसम के मिजाज ने राहत प्रदान की। जिसका असर शुक्रवार को भी रहेगा। इस दौरान तापमान में गिरावट का दौर जारी रहेगा ही साथ ही लोगों को भीषण गर्मी से काफी हद तक निजात मिल जाएगी। ऐसे संकेत मौसम विभाग द्वारा शुक्रवार को लेकर दिए गए हैं।
दरअसल बुधवार को सीजन का सबसे गर्म दिन रहा था। इस दौरान अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। गर्म हवा के थपेड़े व लू के चलते भीषण गर्मी से दो-चार हो रहे लोगों की परेशानी भी बढ़ गई थी। जिसमें वीरवार को रात को आसमान में छाए बादल तथा तेज आंधी के बाद बारिश ने राहत दे दी। इस दौरान हुई ओलावृष्टि से हवा में भी ठंडक रही। बताया जा रहा है कि सुहावने का असर आने वाले 24 घंटे तक रहेगा। इसके बाद भी फिलहाल गर्मी का प्रकोप बढ़ने वाला नहीं है।
किसानों के खिले चेहरे : जिला कृषि अधिकारी डा. सुरिंदर सिंह ने कहा कि दस जून से धान की बिजाई शुरू हुई है। खेतों में अधिक पानी की जरूरत है। बारिश बिजाई के लिए वरदान है। किसानों के चेहरे भी खिल गए हैं।
आधे शहर में ब्लैकआउट
वीरवार रात आंधी के कारण शहर के अधिकतर इलाकों में पावरकट लग गया। यह इलाके अंधेरे में डूब गए। कई जगह पर बिजली में फाल्ट आया तो कहीं कई जगहों पर तारों के ज्वाइंट हिल गए। गोपाल नगर, बाजार शेखां, बाजार पंजपीर, रस्ता मोहल्ला, गुप्ता कालोनी, रोड पार्क, हरबंस नगर, जेपी नगर सहित कई इलाकों में डेढ़ से दो घंटे का पावर कट लगा।
चार मजदूरों पर गिरी बिजली
बिलगा के गांव पुआदड़ा में बुर्ज हसन धुस्सी बांध पर धान लगा रहे चार मजदूरों पर आसमानी बिजली गिरी। दो मजदूर मुहम्मद रशीद (35), मजामील हक (40) की हालत गंभीर है। एएसआइ दलजीत ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया।