Makar Sankranti 2021: जालंधर में कल दिन भर छाए रहेंगे बादल, बूंदाबांदी की संभावना
Jalandhar Makar Sankranti 2021 जालंधर में वीरवार सुबह मकर संक्रांति पर स्नान के दौरान लोगों को कड़कड़ाती सर्दी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने मौसम खराब रहने की आशंका जताई है। दिन का न्यूनतम तापमान तीन डिग्री रहने की संभावना है।
जालंधर, जेएनएन। जालंधर सहित पूरे पंजाब में बुधवार को लोहड़ी मनाई जा रही है। इसके अगले ही दिन 14 जनवरी को मकर संक्रांति मनाई जाएगी। इस दिन नदियों और सरोवरों में स्नान करने की परंपरा है। हरिद्वार, प्रयागराज में बड़ी संख्या में लोग जहां गंगा में डुबकी लगाते हैं वहीं अन्य शहरों में घाटों और सरोवरों में स्नान करते हैं। जालंधर की बात करें सुबह स्नान के दौरान उन्हें कड़कड़ाती सर्दी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने इस दिन मौसम खराब रहने की आशंका जताई है। विभाग के अनुसार मकर सक्रांति पर वीरवार को आसमान में दिनभर बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही शीत लहर चलने से तापमान में निश्चित रूप से गिरावट होगी।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक मकर संक्रांति को दोपहर में धूप खिलने की संभावना बहुत कम है। सुबह 6 बजे से कोहरा छाए रहने के साथ आसमान में बादल छा जाएंगे। भारतीय मौसम विभाग की वेबसाइट के मुताबिक वीरवार को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के विशेषज्ञ डा. विनीत शर्मा बताते हैं कि वीरवार को आसमान में दिनभर बादल छाए रहेंगे। इसके अगले 24 घंटे में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग तथा बच्चों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी।
लोहड़ी पर शीतलहर
बीते सप्ताह कुछ दिन हुई बारिश के बाद तापमान में इजाफा हुआ था। इसके साथ ही लोगों ने राहत की सांस भी ली। वहीं, इस सप्ताह की शुरुआत हुई धुंध तथा कोहरे के साथ हुई है। लोहड़ी पर दिन भर चली शीतलहर तथा ठंड का असर वीरवार को भी रहेगा।