मंत्री सिद्धू के आश्वासन पर सफाई सेवकों की हड़ताल खत्म, आज से कूड़ा लिफ्टिंग शुरू
शुक्रवार देर शाम स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के साथ चंडीगढ़ में हुई बैठक के बाद सफाई मुलाजिमों की हड़ताल खत्म करने का निर्णय लिया गया है।
जागरण संवाददाता, जालंधर: पिछले चार दिन से जालंधर में नरक की स्थिति पैदा करने वाले दो हजार टन कूड़े की लिफ्टिंग संभवत: शनिवार सुबह 10 बजे से शुरू हो जाएगी। शुक्रवार देर शाम स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के साथ चंडीगढ़ में हुई बैठक के बाद सफाई मुलाजिमों की हड़ताल खत्म करने का निर्णय लिया है। पंजाब सफाई मजदूर यूनियन के अध्यक्ष चंदन ग्रेवाल ने भी हड़ताल खत्म होने की पुष्टि की है। जालंधर से सांसद चौधरी संतोख सिंह शनिवार सुबह 10 बजे शहर के विधायकों के साथ सफाई मुलाजिमों की हड़ताल खत्म करवाने के लिए नगर निगम कार्यालय पहुंचेंगे।
बैठक के बारे में सांसद चौधरी संतोख सिंह और चंदन ग्रेवाल ने बताया कि बैठक में स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने यूनियन की तमाम मांगों पर अपनी रजामंदी दी है। ग्रेवाल ने कहा कि नवजोत सिद्धू ने मुलाजिम नेताओं की बात गंभीरता से सुनी है। उन्होने मौके पर ही मेयर जगदीश राजा को जरूरत मुताबिक सफाई मुलाजिमों की तुरंत भर्ती करने को कहा है। इस बैठक में सांसद चौधरी संतोख सिंह, विधायक परगट सिंह, विधायक राजिंदर बेरी, मेयर जगदीश राजा, आइएएस अधिकारी वेणुप्रसाद, डायरेक्टर करुणेश कुमार एवं जालंधर नगर निगम के कमिश्नर दीपर्वा लाकड़ा उपस्थित थे। यूनियन की ओर से चंदन ग्रेवाल के साथ इस बैठक में भाग लेने के लिए अमृत खोसला, नरेश प्रधान, बंटू सब्बरवाल, सन्नी सहोता, विनोद मोदी, सोमनाथ, विक्रम कल्याण, अशोक भील, विनोद गिल आदि उपस्थित थे।
रोजाना निकलता है 500 टन कूड़ा
एक अनुमान के मुताबिक जालंधर में रोजाना 500 टन कूड़ा एकत्र होता है। बीते 4 दिन से सफाई मुलाजिमों की हड़ताल के चलते शहर की सड़कों पर करीब दो हजार टन कूड़ा एकत्र हो चुका था। बारिश से स्थिति और भी बदतर हो गई थी। शुक्रवार को यूनियन के नेता चंडीगढ़ में बैठक करने के लिए रवाना हुए थे। इसके बावजूद मुलाजिमों ने नगर निगम में रोष रैली की और सरकार की अनदेखी के खिलाफ अपना गुस्सा भी प्रकट किया।