श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए आगे आए जालंधर के लोग, दान देने वाला में भारी उत्साह
जालंधर में ग्रोवर कॉलोनी और मॉडल हाउस में स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर से संध्या फेरी निकाली गई। इनमें लोगों ने दिल खोलकर श्री राम मंदिर निर्माण के लिए दान दिया है। क्षेत्र निवासियों ने बड़े उत्साह से संध्या फेरी का स्वागत किया।
जालंधर, जेएनएन। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रहण का कार्य जालंधर में शुरू किया जा चुका है। मंदिर निर्माण में योगदान देने के लिए शहरवासियों में उत्साह देखते ही बनता है। बड़ी संख्या में लोग श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए अपना योगदान दे रहे हैं।
सोमवार को ग्रोवर कॉलोनी और मॉडल हाउस में स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर से संध्या फेरी निकाली गई। इनमें लोगों ने दिल खोलकर श्री राम मंदिर निर्माण के लिए दान दिया है। जिन क्षेत्रों से ये संध्या फेरियां गुजरीं, क्षेत्र निवासियों ने बड़े उत्साह से इनका फूलों की वर्षा के साथ स्वागत किया। श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर से शुरू हुई संध्या फेरी में नगर संघचालक योगेश मुंजाल, हेमंत शर्मा, अवतारी राम, भूपेंद्र नारंग, विश्व महेंद्रु ,देशबंधु शर्मा विशेष तौर पर उपस्थित हुए।
ग्रोवर कॉलोनी से शुरू हुई संध्या फेरी का शुभारंभ राजीव लूथरा ने ज्योति प्रज्वलित करके किया। मॉडल हाउस में श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर से निकली संध्या फेरी का शुभारंभ मंदिर कमेटी के प्रधान दिनेश शर्मा, सह संयोजक श्री रामपाल शर्मा, महेंद्र भगत, सोमेश, पार्षद ओंकार टिक्का, पंजाब खादी बोर्ड के डायरेक्टर और कांग्रेस नेता मेजर सिंह, पार्षद वीरेश मिंटू, संजीव धवन, राजीव जोशी, नरेंद्र भोला, सरबजीत सिंह ने किया।