Heat Stroke Prevention: भीषण गर्मी में खुद को लू से बचाएं, अपनाएं आयुर्वेद के ये शानदार 5 उपाय
Health Tips एक्सपर्ट के मुताबिक लू से बचने के लिए शरीर को हाइड्रेट रखना बहुत जरूरी है। आप कुछ आयुर्वेदिक टिप्स अपनाकर भी लू से खुद का बचाव j सकते हैं। हम 5 ऐसे उपाय बताएंगे जिससे आप लू और उससे होने वाली समस्याओं से बच सकते हैं।
आनलाइन डेस्क, जालंधरः पंजाब में भीषण गर्मी का सितम देखने को मिल रहा है और तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। तापमान ज्यादा होने के कारण लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। हालांकि, कामकाजी लोगों को तपती गर्मी में घर से बाहर निकलना ही पड़ता है। इस मौसम में चलने वाली गर्म हवाओं से लू लगने का डर भी रहता है। लू से डायरिया, तेज बुखार, सिरदर्द और बदन दर्द जैसी परेशानियां घेर सकती हैं। एक्सपर्ट के मुताबिक लू से बचने के लिए शरीर को हाइड्रेट रखना बहुत जरूरी है। इसके अलावा आप कुछ आयुर्वेदिक टिप्स अपनाकर भी लू से खुद का बचाव कर सकते हैं। आज हम 5 ऐसे उपाय बताएंगे, जिससे आप खुद को लू और उससे होने वाली समस्याओं से बचाकर रख सकते हैं। इन उपायों से ना सिर्फ आपकी इम्यूनिटी बूस्ट होगी बल्कि लू और उससे होने वाली समस्याओं से भी आप सुरक्षित रहेंगे।
अपनाएं आयुर्वेद के यह 5 उपाए
1. बेल का शरबत
बेल को गर्मियों में वरदान माना जाता है। इसकी तासीर ठंडी होती है और यह पेट को ठंडक देकर डिहाइड्रेशन से बचाता है। बेल का शरबत पीने से न सिर्फ कब्ज की समस्या दूर होती है बल्कि यह लू से बचने के लिए भी मददगार साबित होता है।
2. गिलोय का सेवन फायदेमंद
गिलोय एक आयुर्वेदिक औषधी है, जो लू के कारण होने वाले बुखार को जल्द ठीक करने में सहायक होती है। साथ ही गिलोय से इम्यूनिटी भी बूस्ट होती है। इसके अलावा गिलोय का सेवन करने से कई बड़ी बीमारियों से भी निजात मिलती है।
3. सेब का सिरका भी है कमाल
सेब का सिरका भी गर्मियों के लिए बहुत लाभदायक होता है। सेब के सिरके के सेवन से शरीर में संतुलन बना रहता है और मिनरल्स की आवश्यकता भी पूरी हो जाती है। गर्मियों में इसका सेवन जरूर करना चाहिए, ताकि शरीर को स्वस्थ रखा जा सकें।
4. शरीर को ठंडक देगा चंदनासव
चंदनासव एक मूत्रल औषधि है जो शरीर को ठंडक प्रदान करती है। लू लगने पर इसका इस्तेमाल करना बहुत ही फायदेमंद साबित होता है। इसके अलावा चंदनासव के और भी कई आयुर्वेदिक फायदें हैं।
5. खसखस में मौजूद आयरन करेंगे इम्यूनिटी बूस्ट
खसखस का सेवन करना स्वास्थ्य के लिए बहुत ही लाभदायक होता है। खसखस में मौजूद आयरन, विटामिन और जिंक हमारी इम्यूनिटी को बूस्ट करते हैं, जिससे गर्मियों में लू लगने के खतरे को कम किया जा सकता है।