जेल में बंद गणेश घोना के इशारे पर हेरोइन सप्लाई करता था जोधा, प्रोडक्शन वारंट पर लाएगी जालंधर पुलिस
जालंधर के भोगपुर में गिरफ्तार जमींदार रणजोध सिंह उर्फ जोधा कपूरथला जेल में बंद कुख्यात तस्कर गणेश घोना के कहने पर हेरोइन की सप्लाई करता था। उसी के जरिये उसे ग्राहकों पता मिलता था। पुलिस ने मामले में घोना को भी नामजद कर लिया है।
जालंधर, जेएनएन। हेरोइन के साथ गिरफ्तार हुए हत्या के प्रयास में नामजद गांव कराला (भोगपुर) के रणजोध सिंह उर्फ जोधा कपूरथला जेल में बंद कुख्यात गणेश घोना के कहने पर हेरोइन की सप्लाई करता था। बाहरवीं पास जोधा जेल में ही घोना से मिला था। वहां से उसने हेरोइन सप्लाई का काम शुरु किया था।
थाना भोगपुर के प्रभारी मंजीत सिंह ने बताया कि जोधा से पूछताछ में सामने आया है कि जेल में बंद घोना ही उसे हेरोइन की सप्लाई लेने के लिए जगह बताया था। उसी के जरिए ग्राहक का पता मिलता था। लुधियाना में उसे सौ ग्राम हेरोइन की सप्लाई मिली थी जो उसे घोना के ही किसी आदमी ने दी थी। उसने आगे अभी सप्लाई करनी थी। उसकी निशानदेगी पर घोना की टाटा सफारी गाड़ी भी मिली है, जिसमें हेरोइन की सप्लाई की जाती थी। मंजीत सिंह ने बताया कि आरोपित से रिमांड के दौरान पूछताछ की जा रही है। इस मामले में घोना को भी नामजद कर लिया गया है और जल्द ही उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा। वहीं, हेरोइन की सप्लाई देने और लेने वालों का भी पता करा कर उनको भी नामजद किया जाएगा।
बता दें कि गत दिवस थाना भोगपुर की पुलिस ने हेरोइन की सप्लाई करने आए जमींदार रणजोध सिंह उर्फ जोधा को गिरफ्तार किया था। उसके पास से सौ ग्राम हेरोइन और हेरोइन सप्लाई के लिए इस्तेमाल होने वाली बाइक मिली थी। थाना प्रभारी मंजीत सिंह ने बताया था कि सूचना पर एएसआई मनोज कुमार ने गड़ीबख्शा मोड़ पर नाकाबंदी की थी। इस दौरान बजाज डिस्कवर बाइक पर एक युवक निकला। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने हाथ में पकड़ा एक लिफाफा फेंका और वहां से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और फेंके लिफाफे में से 100 ग्राम हेरोइन बरामद कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। जांच में सामने आया था कि बाहरवीं पास जोधा की कराला गांव में जमीन है। उसका परिवार खेती करता है लेकिन वो गलत संगत में आकर हेरोइन सप्लाई का काम करने लगा। उसके खिलाफ पहले भी हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है।