सचिन जैन हत्याकांडः पुलिस ने आरोपित दीपक को किया गिरफ्तार, सहमे व्यापारियों का प्रदर्शन
सोढल फाटक के पास किराना व्यापारी सचिन जैन की लूट का विरोध करने पर चार लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस की 8 टीमें बनाई है। पुलिस जल्द अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी दिखा सकती है।
जागरण संवाददाता, जालंधर। किराना व्यापारी सचिन जैन की हत्या का मामला पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपित आदमपुर निवासी दीपक को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में शामिल तीसरे अभियुक्त की हुई पहचान साहिल पुत्र जनक राज निवासी राजनगर (बस्ती बावा खेल) के रूप में हुई है। उसकी तलाश में बस्ती बावा खेल में पुलिस पड़ताल कर रही है। उधर कारोबारी की हत्या से सहमे व्यापारियों ने भगत सिंह चौक पर प्रदर्शन करके पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनके गुस्से को देखते हुए पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपित दीपक की गिरफ्तारी दिखा दी।
बता दें कि सोढल फाटक के पास किराना व्यापारी सचिन जैन की लूट का विरोध करने पर चार लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस की 8 टीमें बनाई है। पुलिस जल्द अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी दिखा सकती है।
व्यापारी वर्ग का फूटा गुस्सा, भगत सिंह चौक पर प्रदर्शन
सोढल में करियाना वायापारी सचिन जैन पर लुटेरों द्वारा कैश लूट की नीयत से हमला करने और गोली मारकर हत्या करने के मामले में शहर के व्यापारियों में रोष है। बुधवार को व्यापारी इसके विरोध में उतर आए। जालंधर इलेक्ट्रिकल ट्रेडर वेलफेयर एसोसिएशन (जेटवा) और जालंधर इलेक्ट्रिकल मर्चेंट वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से जालंधर प्रशासन के खिलाफ भगत सिंह चौक पर प्रदर्शन किया गया। व्यापारियों ने कहा कि पुलिस उन्हें सुरक्षित माहौल देने में नाकाम रही है।
यह था मामला
सोढल फाटक के पास जैन करियाना स्टोर मालिक सचिन जैन को सोमवार रात करीब नौ बजे चार लुटेरों ने छाती में गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल सचिन को घरवाले एक-एक करके चार निजी अस्पतालों में लेकर गए लेकिन किसी ने उन्हें भर्ती नहीं किया। बाद में उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां मंगलवार सुबह उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को दो लुटेरों शहीद बाबू लाभ सिंह नगर के अर्शदीप सिंह और करतारपुर के दीपक की तस्वीरें जारी की थी। इसके बाद बुधवार को दीपक को गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि हत्याकांड के बाद पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने विशेष जांच टीम का गठन करके जल्द मामला सुलझाने के निर्देश दिए थे।