जालंधर में श्री गुरु तेग बहादुर के शहीदी दिवस पर नगर कीर्तन 13 को, कोरोना के कारण पहली बार बदली टाइमिंग
जालंधर में पहली बार श्री गुरु तेग बहादुर के शहीदी दिवस पर नगर कीर्तन का समय बदला गया है। इस बार नगर कीर्तन तड़के 6 बजे से निकाला जाएगा। यह शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए सुबह 9 बजे संपन्न होगा।
जालंधर, जेएनएन। श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस पर शहर में नगर कीर्तन का आयोजन 13 दिसंबर को होगा। कोरोना वायरस महामारी के कारण पहली बार नगर कीर्तन के समय में परिवर्तन किया गया है। इस बार यह नगर कीर्तन तड़के 6 बजे से निकाला जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर बैठक वीरवार को गुरुद्वारा नौवीं पातशाही, दुख निवारण साहिब गुरु तेग बहादुर नगर में हुई। प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जत्थेदार जगजीत सिंह गाबा की अध्यक्षता में प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने कार्यक्रम की रूपरेखा जारी की।
जगजीत सिंह गाबा, कंवलजीत सिंह ओबराय व मनजीत सिंह ठुकराल ने कहा कि नगर कीर्तन सुबह 6 बजे गुरुद्वारा साहिब से शुरू होकर रेनबो चौक, गाबा ग्रैंड मॉल रोड, मॉडल टाउन मार्केट, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा मॉडल टाउन, मसंद चौक व गुरु तेग बहादुर चौक सहित विभिन्न इलाकों से होते हुए सुबह 9 बजे तक संपन्न होगा। संगत से नगर कीर्तन के दौरान केवल नतमस्तक होकर गुरु साहिब से आशीर्वाद लेने का आह्वान किया गया है। इस दौरान शारीरिक दूरी और करोना को लेकर सरकारी गाइडलाइंस का पालन करवाने के लिए सेवादार तैनात किए जाएंगे। 14 दिसंबर को कवि दरबार होगा, जिसमें करमजीत सिंह तूर, रछपाल सिंह पाल, दलबीर सिंह रियार, अवतार सिंह तारी तथा बलबीर सिंह बल हाजिरी लगाएंगे।
यह है अन्य कार्यक्रमों का शेड्यूल
इसी तरह, 15 दिसंबर को कीर्तन दरबार रात 8 बजे से होगा, 16 दिसंबर को स्त्री सत्संग समागम, 17 दिसंबर को कथा समागम, 18 दिसंबर को कीर्तन समागम, 22 दिसंबर को कविता, शबद गायन, लेक्चरर मुकाबले तथा 26 दिसंबर को कविता, शबद गायन तथा दस्तार सजाने के मुकाबले करवाए जाएंगे। इस अवसर पर उनके साथ जोगिंदर सिंह लायलपुरी, कमलजीत सिंह, परमजीत सिंह कानपुरी, दलजीत सिंह लैंडलॉर्ड, गुरविंदर सिंह संत मोटर, भूपिंदर सिंह भिंदा, हरजीत सिंह काहलों तथा गुरजंट सिंह मौजूद थे।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें