जालंधर में मां-बेटे की हत्या में आरोपित सन्नी से रीक्रिएट करवाया पूरा सीन, 15 मिनट में की थी दो हत्याएं
लोहियां के गांव अलीवाल में दिव्यांग मां-बेटे की हत्या के आरोपित सनी को पुलिस वीरवार को घटनास्थल पर ले गई। उससे वहां मर्डर का पूरा सीन क्रिएट करवाया गया। सनी पर आरोप है कि 5 जनवरी की देर रात उसने कुल्हाड़ी से हमला करके दोनों की हत्या की थी।
जालंधर, जेएनएन। लोहियां में दिव्यांग करतारी और उसके बेटे मंगत की हत्या करने के आरोपित सन्नी को पुलिस वीरवार को हर उस जगह लेकर गई, जहां वह हत्या करने से पहले और उसके बाद गया था। पुलिस ने उससे पूरी जानकारी ली और मर्डर का सीन क्रिएट करवाया। मात्र 15 मिनट में ही सन्नी ने दो हत्याओं को अंजाम दे दिया था। मंगत की हत्या करने के 15 मिनट के भीतर ही उसने उसकी मां करतारी को भी मार दिया था। उसके बाद कुल्हाड़ी फेंककर कर वह घर जाकर आराम से सो गया था। अगले दिन सुबह उठकर वह शाहकोट चला गया था। रिमांड के दौरान पुलिस ने उस की जुबानी पूरी कहानी दोबारा से सुनी।
5 जनवरी की देर रात लोहियां के गांव अलीवाल में एक घर में रहने वाले मां-बेटे का बेरहमी से कत्ल कर दिया गया था। मृतकों की पहचान करतारी पत्नी सौदागर और उसके बेटे मंगत राम के तौर पर हुई थी। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारीयों को गांव वालों को बताया कि मां-बेटे के घर रात में लूटपाट हुई है। घर पर सारा सामान बिखरा पड़ा था और बेड पर मां की लाश पड़ी थी जबकि बेटे का शव कुछ दूरी पर खेत में पड़ा था। पुलिस भी पहले मामले को लूट से जोड़कर देख रही थी। हालांकि दैनिक जागरण ने पहले ही दिन बता दिया था कि यह हत्या किसी नशेड़ी ने रंजिशन की है। पुलिस ने भी उसी थ्यूरी पर काम किया और हत्यारे सन्नी तक पहुंच गई।
चिट्टा पीकर हैवान बन गया था सनी
पुलिस पूछताछ में आरोपित सनी ने बताया कि मां-बेटे की शिकायत पर उसे भरी पंचायत में नग्न किया गया था। उसे इस बात की गहरी रंजिश थी। इसके बाद उसने इसका बदला लेने की ठानी। दोनों की हत्या करने से पहले उसने चिट्टा पिया था। उसके नशे में वह हैवान बन बैठा और कुल्हाड़ी से एक-एक करके मां-बेटा दोनों का कत्ल कर दिया।