धुंध, उखड़ी सड़क और लावारिस पशु ले रहे जिंदगी, जालंधर में हाईवे से होकर संभलकर निकलें
जालंधर में धुंध उखाड़ी गई हाईवे की सड़क और लावारिश पशु जालंधर पानीपत सिक्स लेन हाईवे पर लोगों की जान के दुश्मन बने हुए नजर आ रहे हैं। लगातार हादसे हो रहे हैं। लोगों की जान जा रही है।
जालंधर [मनुपाल शर्मा]। गत लगभग 15 दिन से प्रकोप दिखा रही धुंध, उखाड़ी गई हाईवे की सड़क और लावारिश पशु जालंधर पानीपत सिक्स लेन हाईवे पर लोगों की जान के दुश्मन बने हुए नजर आ रहे हैं। लगातार हादसे हो रहे हैं। लोगों की जान जा रही है। कई घायल हो चुके हैं। बावजूद नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया अथवा स्थानीय प्रशासन की तरफ से हाईवे पर सुरक्षा प्रबंधों को लेकर भारी उदासीनता दिखाई जा रही है।
बीते एक महीने से भी ज्यादा अवधि से जालंधर पानीपत सिक्स लाइन हाईवे प्रोजेक्ट के ऊपर सड़क की ऊपरी परत को काटकर नई परत बिछाने का कार्य चल रहा है, लेकिन एक बार उठा ली गई सड़क को कई दिन तक दोबारा बिछाया ही नहीं जा रहा है। उखड़ी हुई सड़क के ऊपर वाहनों और विशेषकर दोपहिया वाहनों का तो संतुलन बिगड़ना लाजमी ही है। इसी वजह से लगातार हादसे भी हो रहे हैं। हालांकि प्रोजेक्ट पर कार्य कर रही निजी कंपनी सीगल इंडिया की तरफ से यह कहा गया था कि तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाते ही सड़क बिछाई जा रही है, लेकिन ऐसा नजर नहीं आ रहा है।
सड़क उखाड़े जाने से चौगिट्टी फ्लाइओवर बना जानलेवा
चौगिटटी फ्लाईओवर के ऊपर सड़क उखाड़े हुए लगभग 10 दिन का समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक भी नई सड़क बिछाई नहीं जा सकी है। रात के समय तो हाईवे पर निकलना वाहन चालकों के लिए इस वजह से भी खतरनाक हो गया है, क्योंकि रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था ही नहीं है। धुंध में दिशा सूचक नजर नहीं आ रहे हैं और ब्लिंकर्स तक की व्यवस्था नहीं की गई है। यहां दो दिन पहले ही ट्रक की टक्कर से बाइक पर पति के साथ जा रहे महिला की उसके दस साल के बेटे के सामने मौत हो गई थी।
कूड़े के डंप के कारण हाईवे पर मंडराते हैं लावारिस पशु
चौगिटटी चौक फ्लाईओवर की सर्विस लेन के बिल्कुल साथ कूड़े का अवैध डंप भी बनाया गया है, जहां पर अक्सर आवारा पशु घूमते रहते हैं और हाईवे पर भी जा पहुंचते हैं। रात के समय अंधेरे और धुंध में यह आवारा पशु भी वाहन चालकों को नजर नहीं आ रहे हैं और वाहन टकरा रहे हैं। हाईवे खतरनाक हो चुका है लेकिन अभी तक भी नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया अथवा स्थानीय प्रशासन इसका कोई संज्ञान नहीं ले रहा है। इस संबंध में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया का पक्ष जानने की कोशिश के बावजूद संपर्क संभव नहीं हो सका।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें