जालंधर में सिगरेट व्यापारी पर हमलाकर 6 लाख रुपये छीने, देर रात चरणजीतपुरा में हुई वारदात
वरुण ने बताया कि चरणजीतपुरा में उसकी सिगरेट बीड़ी की होलसेल की दुकान है। शनिवार रात को वह लेट हो गया। रात 11.15 बजे वह दुकान बंद करके घर वापस आने लगा। रास्ते में तीन-चार मोटरसाइकिलों पर सवार आधा दर्जन युवकों ने हमला करके उससे छह लाख रुपये छीन लिए।
संवाद सहयोगी, जालंधर। शनिवार रात को चरणजीतपुरा में सिगरेट व्यापारी को तेजधार हथियारों से घायल कर लुटेरे करीब छह लाख रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। वरुण के पास काम करने वाला एक युवक लुटेरों के पीछे भागा लेकिन वे पकड़ में नहीं आए। वरुण को आसपास लोगों की मदद से सिविल अस्पताल दाखिल करवाया गया। सारी घटना वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बाद में थाना डिवीजन नंबर दो की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
बस्ती गुजां निवासी वरुण कुमार ने बताया कि उसकी सिगरेट बीड़ी की होलसेल की दुकान चरणजीतपुरा में है। शनिवार रात को दुकान पर काम अधिक होने के कारण वह लेट हो गया। रात करीब 11.15 बजे वह दुकान बंद कर घर वापस आने लगा। इसी बीच तीन-चार मोटरसाइकिलों पर सवार आधा दर्जन युवक वहां आए। वरुण ने बताया कि उसे पहले लगा कि शायद कहीं आसपास लड़ाई हुई है। जैसे वह अपना पैसों से भरा बैग लेकर आगे बढ़ा तो बाइक सवार युवकों ने उस पर हमला कर दिया। उसके सिर पर तेजधार हथियारों व बेसबेट से हमला कर एक लुटेरे ने उसका बैग छीना और फिर सभी फरार हो गए। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी कैमरे में बाइक सवार लुटेरे कैद हो गए हैं।
इधर, दो लड़कियां फल विक्रेता का मोबाइल छीनकर हुईं फरार
संवाद सहयोगी, जालंधर : शनिवार देर रात बाबू जगजीवन राम चौक पर उस समय हंगामा हो गया, जब वहां पर खड़े एक फल विक्रेता का मोबाइल दो लड़कियां छीनकर भाग गईं। लड़कियों ने फल विक्रेताओं से हाथापाई भी की। फल विक्रेता रोहित व सूरज ने बताया कि रात करीब 10 बजे वे अपनी रेहड़ी पर खड़े थे। इसी बीच दो लड़कियां आईं और फलों के दाम पूछ चली गईं। कुछ ही देर बाद दोनों लड़कियां वापिस आईं और रेहड़ी के पास खड़ी हो गई। बातों ही बातों में लड़कियों ने राहुल का मोबाइल उठाया और भागने लगीं। उसने विरोध किया तो लड़कियों ने उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी। दोनों लड़कियां उसे धक्का देकर फरार हो गईं। घटना की शिकायत पुलिस को दे दी गई है। पुलिस जांच में जुट गई है।