जालंधर के चौगिट्टी से संभल कर निकलें, कूड़े के डंप का धुआं व पशु बने वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा
जालंधर के चौगिटटी फ्लाईओवर की बाई तरफ सर्विस लेन के साथ अवैध तौर पर बनाया गया कूड़े का डंप अब हाइवे से गुजरने वाले वाहनों के लिए भी खतरनाक होता दिखाई दे रहा है। लावारिस पशु कूड़े के डंप के आसपास घूमते हुए हाईवे तक जा पहुंचते हैं।
जालंधर, जेएनएन। चौगिट्टी चौक से सटे कूड़े के डंप का धुआं और यहां मंडराते पशु कभी भी हाईवे पर हादसे का कारण बन सकते हैं। लावारिस पशु कूड़े के डंप पर खाने की तलाश में जमावड़ा लगाए रखते हैं और जबकि यहां कूड़ा से निजात के लिए उसे आग के हवाले कर दिया जाता है। चौगिटटी फ्लाईओवर की बाई तरफ सर्विस लेन के साथ अवैध तौर पर बनाया गया कूड़े का डंप अब हाइवे से गुजरने वाले वाहनों के लिए भी खतरनाक होता दिखाई दे रहा है। लावारिस पशु कूड़े के डंप के आसपास घूमते हुए हाईवे तक जा पहुंचते हैं। वे अल सुबह और रात में वाहन चालकों के लिए भारी खतरा बने हुए हैं।
इन दिनों देर रात के बाद सुबह तक धुंध भी पड़ने लगी है। ऐसे में कूड़े के डंप से उठ रहा धुआं स्थिति को विकराल बना रहा है। धुंध और कोहरे का मिश्रण सड़क पर दृश्यता को बेहद कम कर देता है और लंबे समय तक सड़क पर बना रहता है।
एरिया निवासी लंबे अरसे से इस कूड़े के डंप को हटाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन नगर निगम की तरफ से इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। हालात कुछ ऐसे हैं कि आसपास के वार्डों का कूड़ा भी यही गिराया जाता है। जिस वजह से क्षेत्र में भारी गंदगी फैली रहती है। बदबू के कारण यहां गुजरना मुश्किल हो गया है।
पार्षद और विधायक नहीं दे रहे समस्या पर ध्यान
अजीत सिंह फॉर सेफर रोड्स (एएसएसआर) की संचालिका इंद्रदीप कौर मिन्हास ने कहा कि नगर निगम, विधायक और पार्षद लोगों की इस समस्या को नजरअंदाज कर रहे हैं। अब तो हालात ऐसे बन गए हैं कि कूड़े का डंप हाइवे से गुजरने वाले वाहन चालकों की जान का भी दुश्मन बन गया है। अगर जल्द इस कूड़े को न हटाया गया तो फिर इसे हटाने के लिए लोग एकजुट हो जाएंगे। अगर विरोध के लिए लोग इकट्ठा हुए और सड़क पर उतरे तो इसकी जिम्मेदारी नगर निगम, विधायक और आसपास के वार्डों के पार्षदों की होगी।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें