गणतंत्र दिवस पर बाल अधिकार कार्यकर्ता दिनेश सम्मानित, पंजाब में बेचे गए 40 बच्चों को करवाया था मुक्त
जालंधर के बाल अधिकार कार्यकर्ता दिनेश कुमार को 72वें गणतंत्र दिवस पर प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना की स्टीयरिंग कमेटी के सदस्य मनोज कुमार चौहान ने सम्मानित किया। दिनेश ने पिछले दिनों बिहार से लाकर जालंधर में बेचे गए 40 बच्चों को मुक्त करवाया था।
जालंधर, जेएनएन। पंजाब में बाल श्रमिकों की मुक्ति के लिए काम कर रहे बाल अधिकार कार्यकर्ता दिनेश कुमार को 72वें गणतंत्र दिवस पर सम्मानित किया गया है। उन्हें प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना की स्टीयरिंग कमेटी के सदस्य मनोज कुमार चौहान ने पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि दिनेश कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2025 तक देश को बालश्रम मुक्त करने के सपने को पूरा करने की दिशा में बेहतरीन कार्य कर रहे हैं। पिछले साल दिसंबर में दिनेश कुमार ने बिहार से तस्करी कर लाए के 40 बच्चों को जालंधर के एक फार्म हाउस से मुक्त करवाया था। इन बच्चों से बंधुआ मजदूरी करवाई जा रही थी।
मनोज कुमार चौहान ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को वर्ष 2025 तक बालश्रम मुक्त बनाने का संकल्प लिया है। इसी कार्य के तहत 'बचपन बचाओ आंदोलन' संस्था के राज्य समन्वयक दिनेश कुमार को सन्मानित किया गया है। ऐसा कार्य करने वालो की हौसला अफजाई करना प्रशासन व सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर दिनेश कुमार ने बताया कि नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित बाल अधिकार कार्यकर्ता कैलाश सत्यार्थी ने वैश्विक नेताओं और अंतरराष्ट्रीय हस्तियों के साथ मिलकर बाल मजदूरी को समाप्त करने के अंतरराष्ट्रीय वर्ष में 'फेयर शेयर फार चिल्ड्रेन' नाम के अभियान की शुरुआत की है। संयुक्त राष्ट्र संघ ने सतत विकास लक्ष्य के तहत वर्ष 2025 तक दुनिया से बालश्रम की समाप्ति का लक्ष्य रखा गया है। इसीलिए वर्ष 2021 को बाल श्रम उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसमें पूरी दुनिया से 2025 तक बालश्रम को समाप्त करने और सतत विकास लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों, नोबेल पुरस्कार विजेताओं, कॉरपोरेट नेताओं, धर्मगुरुओं, अंतरराष्ट्रीय यूनियनों और युवा नेताओं को लामबंद करने का प्रयास किया जा रहा है।