एक फरवरी से होगा श्री बावा लाल दयाल आश्रम में संत सम्मेलन, ध्यानपुर के गद्दीनशीन को किया आमंत्रित
पांच दिवसीय समारोह की बावा लाल दयाल आश्रम दिलबाग नगर बस्ती गुंजा में व्यापक तैयारियां चल रही हैं। संत सम्मेलन का आयोजन एक से लेकर पांच फरवरी तक होगा। इसमें श्री महंत यमुना दास जी रामायणी चित्रकूट वाले श्री राम कथा के साथ श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
जासं, जालंधर। श्री बावा लाल दयाल जी के जन्मोत्सव तथा बसंत पंचमी को लेकर होने वाले पांच दिवसीय समारोह की बावा लाल दयाल आश्रम दिलबाग नगर बस्ती गुंजा में व्यापक तैयारियां चल रही हैं। इस क्रम में जहां शहर की धार्मिक तथा सामाजिक संस्थाओं को आमंत्रित किया जा रहा है, वहीं श्री बाबा लाल दयाल आश्रम ध्यानपुर के गद्दीनशीन महंत रामसुंदर दास जी को निमंत्रण दिया गया। महामंडलेश्वर महंत केशव दास ने श्री राम सुंदर दास जी को कार्यक्रम की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि श्री राम कथा तथा संत सम्मेलन का आयोजन एक से लेकर पांच फरवरी तक होगा। इसमें श्री महंत यमुना दास जी रामायणी चित्रकूट वाले श्री राम कथा के साथ श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। इसी तरह 1008 महामंडलेश्वर महंत गंगा दास ने कहा कि पांच दिवसीय समारोह का आगाज एक फरवरी को दोपहर 2.30 बजे ध्वजारोहण के साथ होगा। इसके उपरांत भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो आश्रम से शुरू होकर दिलबाग नगर, मनजीत नगर, बस्ती गुंजा, वीर बबरीक चौक तथा दिलबाग नगर से होते हुए संपन्न होगी।
महंत केशव दास ने कहा कि दो फरवरी को बावा लाल दयाल जी का जन्मोत्सव दूज उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। जिसका आगाज सुबह 10 बजे हवन यज्ञ के साथ होगा। इसके उपरांत दोपहर 3.30 बजे श्री राम कथा का शुभारंभ होगा। उन्होंने बताया कि श्री राम कथा चार फरवरी तक रोजाना दोपहर 3.30 से शाम 6 बजे तक हुआ करेगी। वहीं पांच फरवरी को सुबह 9 से दोपहर एक बजे तक श्री राम कथा तथा संत सम्मेलन होगा। इसी तरह दोपहर एक बजे भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
इसमें जिले भर से संत समाज के सदस्य शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि समारोह को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इस अवसर पर महंत रामसुंदर दास ने आश्रम द्वारा धर्म के प्रचार के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उनका निमंत्रण स्वीकार किया। इसके साथ ही उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने का विश्वास दिलाया।